12 अगस्त से शुरू होंगी भाजपा की परिवर्तन यात्राएं
बिहार में चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले भाजपा विधानसभा के सभी 243 क्षेत्रों में परिवर्तन यात्राएं निकालेगी। 12 से 27 अगस्त तक चलने वाली इन परिवर्तन यात्राओं के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। डॉ. सीपी ठाकुर को चुनाव अभियान समिति का संयोजक बनाया गया है।
पटना। बिहार में चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले भाजपा विधानसभा के सभी 243 क्षेत्रों में परिवर्तन यात्राएं निकालेगी। 12 से 27 अगस्त तक चलने वाली इन परिवर्तन यात्राओं के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। डॉ. सीपी ठाकुर को चुनाव अभियान समिति का संयोजक बनाया गया है।
केंद्रीय उर्वरक रसायन मंत्री व बिहार चुनाव के प्रभारी अनंत कुमार ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस काफ्रेंस में विधानसभा चुनाव के मुत्तल्लिक पार्टी के कार्यक्रमों की घोषणा की।
बताया कि तिरहुत और सारण क्षेत्र में निकलने वाली परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) करेंगे। इस टीम में सांसद जनक राम और विधान पार्षद सत्येंद्र नारायण कुशवाहा रहेंगे।
बेगूसराय और भागलपुर क्षेत्र में निकलने वाली परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव करेंगे। इस टीम में सांसद अश्विनी चौबे और अजय निषाद रहेंगे।
मिथिला और कोसी क्षेत्र की परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह करेंगे। इस टीम में केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव और कामेश्वर चौपाल भी रहेंगे। मगध और पटना क्षेत्र की परिवर्तन यात्रा केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में निकलेगी, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी और पूर्व मंत्री प्रेम कुमार रहेंगे।
चारों परिवर्तन यात्राएं 12 अगस्त को एक साथ दिन में 11 बजे तिरहुत और सारण क्षेत्र की सोनपुर हरिहर क्षेत्र से, बेगूसराय- भागलपुर क्षेत्र की राजगीर से, मिथिला व कोसी क्षेत्र की दलसिंहसराय से और मगध व पटना क्षेत्र की बिहटा से शुरू होंगी।
बकौल अनंत, विधानसभा चुनाव का संचालन बेहतर तरीके से करने के लिए भाजपा ने कई समितियों का भी गठन किया है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सीपी ठाकुर को चुनाव अभियान समिति का संयोजक बनाया गया है।
सांसद हुकुमदेव नारायण यादव को चुनाव प्रचार समिति का संयोजक और केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह घोषणा पत्र समिति के संयोजक बनाए गए हैं। चुनाव प्रबंध समिति की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री सूरजनंदन कुशवाहा को दी गई है।
परिवर्तन रैली के संयोजक : प्रधानमंत्री की 18 अगस्त को सहरसा में होने वाली परिवर्तन रैली के लिए सांसद नित्यानंद राय को संयोजक और रामनरेश सिंह को सह संयोजक बनाया गया है। 30 अगस्त को भागलपुर रैली के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन को संयोजक और पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल को सह संयोजक बनाया गया है।