उन्नाव दुष्कर्म मामला: पप्पू यादव बरसे- दोषी विधायक को दी जाए फांसी; छात्राएं भी गुस्से में
यूपी के उन्नाव दुष्कर्म मामले की गूंज बिहार में जोर-शोर से सुनाई पड़ रही है। दुष्कर्म के आरोपी उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को फांसी दिए जाने की मांग उठने लगी है।
पटना, जेएनएन। यूपी के उन्नाव दुष्कर्म मामले की गूंज बिहार में जोर-शोर से सुनाई पड़ रही है। दुष्कर्म के आरोपी उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को फांसी दिए जाने की मांग उठने लगी है। गुरुवार को भाजपा ने भी सेंगर को अपनी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। सुप्रीम कोर्ट भी इसे लेकर कड़े तेवर में है और सारे मामलों को उत्तर प्रदेश (यूपी) से ट्रांसफर कर दिल्ली कर दिया है। इधर, बिहार की राजधानी पटना में दाे दिन पहले पटना वीमेंस कॉलेज की छात्राओं ने प्रदर्शन किया था। वहीं अब जन अधिकार पार्टी (लो) के सुप्रीमो पप्पू यादव ने आरोपी विधायक सेंगर को फांसी देने की मांग की है।
पूर्व सांसद पप्पू यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा सर्वधर्म समभाव की संस्कृति पर दाग लगा रही है। उन्होंने कहा कि पटना में दुष्कर्म जैसे मामलों में स्पेशल कोर्ट बना कर एक महीने में दोषियों को सजा दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि उन्नाव दुष्कर्म पीडि़ता के पूरे परिवार को प्रताडि़त करने का मामला सत्ता के सरंक्षण के बिना संभव नहीं। पीडि़ता की हत्या का प्रयास, तथाकथित दुर्घटना से देश-प्रदेश की हर एक मां, बहू, बेटी, बहन गहरे आघात में है। महिलाओं में इस घटना को लेकर जो रोष-आक्रोश है, वो दोहरे चरित्रवाली सत्ता को बहुत मंहगा पड़ेगा।
बता दें कि इसके पहले गुरुवार को पटना में भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ पटना में जाप पार्टी की ओर से कारगिल चौक पर शांतिपूर्ण तरीके से आक्रोश जाहिर किया गया। साथ पार्टी की महिला परिषद की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें पूर्व सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए।
उधर पटना में ही बुधवार को पटना वीमेंस कॉलेज की छात्राओं ने शांतिपूर्ण तरीके से उन्नाव दुष्कर्म कांड के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्राओं ने हाथ में बैनर-पोस्टर लगाकर आरोपी को फांसी देने की मांग की। कई छात्राओं के हाथें में तख्तियां भी थीं। तख्तियों पर मोदी सरकार व योगी सरकार के खिलाफ भी नारे लिखे थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप