बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे सरकार: पप्पू यादव
मधेपुरा के सांसद पप्पू यादव ने राजनाथ सिंह से मुलाकात कर बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने एवं बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की।
पटना [राज्य ब्यूरो]। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गुरुवार को केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपा और उनसे इस साल बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने एवं बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व पुनर्वास के कार्यों में तेजी लाने का आग्रह भी किया।
उन्होंने कहा कि इस साल बाढ़ की वजह से बिहार के 21 जिलों में व्यापक नुकसान हुआ। 500 से अधिक लोगों की मौत, दो करोड़ लोग प्रभावित हुए तथा अरबों रुपये का नुकसान हुआ। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अकेले रेलवे को 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
बाढ़ के बाद केन्द्र और राज्य सरकार ने राहत व पुनर्वास कार्यों में लापरवाही बरती। राहत सामग्री का वितरण भी ठीक से नहीं किया गया। सरकार द्वारा बाढ़ नियंत्रण का प्रभावी एवं कारगर कदम नहीं उठाया जाता है। इसका खामियाजा भी बिहार के लोगों का भुगतना पड़ता है। पार्टी द्वारा अपने स्तर पर हर जिले में राहत और पुनर्वास के कार्य किए गए।