पटना, जागरण टीम। Patna Panchayat Mukhia Chunav Result: बिहार में पंचायत चुनाव के आखिरी यानी 11वें चरण के नतीजे आज आने शुरू हो गए हैं। पटना जिले के दानापुर और मनेर प्रखंड से शुरुआती नतीजे आ गए हैं। मतगणना का क्रम सुबह आठ बजे से शुरू होकर बुधवार को आखिरी पंचायत के लिए मतों की गिनती खत्म होने तक जारी रहेगा। मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सदस्य या वार्ड सदस्य, सरपंच और पंच के पदों के लिए नतीजे आने लगे हैं। मतगणना से जुड़े हर ताजा अपडेट के लिए इस खबर को रिफ्रेश करते रहें।
दानापुर प्रखंड और मनेर से आए नतीजे
दानापुर प्रखंड की पतलापुर पंचायत में गीता देवी मुखिया का चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने निवर्तमान मुखिया सुनीता कुमारी को हरा दिया है। मनेर प्रखंड की मगरपाल पंचायत से मैनेजर राय मुखिया चुने गए हैं। यहां निवर्तमान मुखिया राम सुजान चुनाव हार गए हैं।
भोजपुर जिले में भी हो रही मतगणना
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड की लालू के डेरा पंचायत से मुखिया चुनाव का नतीजा आ गया है। इस पंचायत से 76 साल के जयराम साह मुखिया का चुनाव जीत गए हैं। वह महज आठवीं पास हैं। उन्होंने निवर्तमान मुखिया पारस साह को हरा दिया।
बेगूसराय जिले के चुनाव नतीजे देखें
बेगूसराय जिले में बड़ी बलिया उतरी पंचायत से यास्मीन फातमा, पोखरिया पंचायत से मनोज चौधरी, तेघड़ा प्रखंड की पिढ़ौली पंचायत से अनुराग उर्फ सन्नी मुखिया बन गए हैं। पोखरिया पंचायत में पंचायत समिति सदस्य तीन से सीता देवी, बड़ी बलिया उत्तरी पांच क्षेत्र पर रूबी देवी चुनाव जीत गई हैं। बरौनी एक पंचायत से पंचायत समिति पद क्षेत्र संख्या 14 से गुड़िया देवी और क्षेत्र संख्या 15 से ज्योति कुमार चुनाव जीत गई हैं।
आपको बता दें कि आखिरी चरण में पटना जिले के मनेर और दानापुर, नालंदा जिले के अस्थावां व करायपरसुराय, भोजपुर जिले के शाहपुर, सारण जिले के परसा, दरियापुर, मकेर, सिवान जिले के जीरादेई, दरौली, गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर और वैशाली जिले के राघोपुर व देसरी प्रखंडों में मतदान कराया गया था। इन सभी प्रखंडों में आज मतगणना हो रही है। इस खबर में आपको पटना प्रमंडल के सभी जिलों पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर, गया प्रमंडल के सभी जिलों गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, सारण प्रमंडल के सभी जिलों छपरा, गाेपालगंज और सिवान के साथ ही वैशाली, बेगूसराय एवं शेखपुरा जिलों से भी पंचायत चुनाव से जुड़ी सूचनाएं मिलती रहेंगी। ताजा और सही जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ।
LIVE बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्ट: आज आएंगे पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के नतीजे
आखिरी चरण में 20 जिलों में डाले गए थे वोट
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के मतदान में रविवार को 62.81 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही तकरीबन चार महीने चली मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। 12वें और अंतिम चरण में 20 जिलों के 38 प्रखंडों की 568 पंचायतों में बनाए गए 8067 बूथों पर लोगों ने वोट डाले। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 22 जिलों में स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए 27 हजार पुलिस पदाधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सुबह के सात बजे से शाम पांच बजे के बीच 2324546 पुरूष और 2076278 महिला मतदाताओं ने वोट डाले।
आयोग के अनुसार 12वें चरण में पदों की कुल संख्या 17286 थी। जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 7649 सीट, मुखिया पद के लिए 568 , पंचायत समिति सदस्य के लिए 772, जिला परिषद सदस्य के लिए 80, कचहरी पंच पद के लिए 7649 तथा ग्राम कचहरी सरपंच के लिए 586 सीटें थी। इस चरण में 63719 उम्मीदवार मैदान में थे। जिनमें 29539 पुरूष और 34179 महिलाएं थीं।
a