पैक्स चुनावः बाढ़, बख्तियारपुर, फुलवारी और बिक्रम में हुआ मतदान, लगी रही लंबी कतार Patna News
पैक्स चुनाव के लिए बाढ़ बख्तियारपुर फुलवारी और बिक्रम में मंगलवार की सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान किया गया। इस वोट देने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतार लगी रही।
पटना, जेएनएन। संपतचक के बैरिया व सोना गोपालपुर पुचायत के पैक्स के लिए मंगलवार को सुबह सात बजे से तीन बजे तक वोट डाले गए। इसके लिए वोट देने वालों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। दो पंचायत के पैक्स चुनाव के लिए सात मतदान केंद्र बनाए गए थे। बैरिया में 2451 व सोना गोपालपुर में 1733 मतदाता पांच पैक्स अध्यक्ष के पद का फैसला करेंगे। वहीं भेलवाड़ा पैक्स अध्यक्ष के पद पर दिलीप कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
सात से तीन बजे तक डाले गए वोट
प्रखंड विकास पदाधिकारी ऊषा कुमारी ने बताया कि सभी सात मतदान केंद्र पर बिजली, पानी के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान किया गया। वहीं बिक्रम में पैक्स चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी की चाक-चौबंद व्यवस्था में वोट डाले गए।
बनाए गए थे 25 मतदान केंद्र
13 पैक्स पर होने वाले चुनाव को लेकर 25 मतदान केंद्रों के लिए मतदानकर्मी व सुरक्षाकर्मी बैलेट बॉक्स के साथ मुस्तैद थे। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में 13 पैक्सों का चुनाव मंगलवार को हुआ। इसके लिए कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिसमें पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 मोबाइल पेट्रोलिंग पार्टी को लगाया गया था। थाना क्षेत्र के नगहर, महजपुरा, बेनीबिगहा एवं रानीतालाब थाना क्षेत्र से सैदाबाद छोड़कर सभी बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया था।
धारा 144 की गई लागू
बख्तियारपुर में आठ पंचायतों में 25 बूथों पर मतदान किया गया। इस संबंध में बीडीओ रवींद्र कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टी एवं सुरक्षा बलों को भेज दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पांच सेक्टर में बांटा गया था। बाढ़ में भी सात पंचायतों में पैक्स चुनाव हुआ। अनुमंडल पदाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि मतदान केंद्रों पर धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई थी।