CoronaVirus Bihar: संक्रमित दंपती का कुत्ता भी पहुंच गया क्वारंटाइन सेंटर, कर रहा नियमों का पालन
CoronaVirus Bihar बिहार के बेगूसराय में एक दंपती के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर उनका पालतू कुत्ता भी क्वारंटाइन सेंटर पहुंच गया। अब वह भी क्वारंटाइन के रूल फॉलो कर रहा है।
बेगूसराय, जेएनएन। जानवर तो वफादार होते ही हैं, अब बात कुत्ते की हो तो क्या कहने। बिहार के बेगूसराय में मालिक-मालकिन कोरोना पॉजिटिव निकले तो कुत्ता भी क्वारंटाइन सेंटर पहुंच गया। अब वो भी क्वारंटाइन के नियमों का पालन कर रहा है।
रेलकर्मी के बाद पत्नी भी निकलीं संक्रमित
बेगूसराय के गढ़हरा में रेलकर्मी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बुधवार को उनकी पत्नी भी संक्रमित निकलीं। उनकी दो पुत्रियां भी हैं। साथ ही उन्होंने एक कुत्ता भी पाल रखा है। अब मा-बाप कोरोना पॉजिटिव निकले तो एहतियान उनकी दोनों पुत्रियों को भी उत्क्रमित मध्य विद्यालय असुरारी में क्वारंटाइन केंद्र पर रखना पड़ा। इसके कारण घर में कोई सदस्य नहीं बचा। अब पालतू कुत्ते का कौन ख्याल रखेगा ये चिंता बन गई। इसपर उनके साथ रह रहे पालतू कुत्ता को भी क्वारंटाइन सेंटर पर रखना पड़ रहा है।
क्वारंटाइन सेंटर में रखा जा रहा ख्याल
दोनों लड़कियों शाम में कुत्ता को क्वारंटाइन सेंटर पर ही घुमाती हैं। उसे भी क्वारंटाइन के नियम का पालन करते हुए लोगों से मिलने-जुलने नहीं दिया जा रहा। गौरतलब है कि रेलकर्मी कुछ दिन पूर्व कोरोना संक्रमित हुए थे। वे कैंसर पीडि़त हैं। उनका इलाज पटना में चल रहा है। उनके साथ उनका पुत्र रह रहा है। वहीं बुधवार को उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव हो गईं। वहीं नगर परिषद बीहट क्षेत्र के वार्ड पांच रेलवे कालोनी में कोरोना मरीज मिलने के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश मरीज के एरिया की सड़कों को सील कर दिया गया है। ताकि इस क्षेत्र के लोगों को कही भी आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सील एरिया की निगरानी गढ़हरा ओपी पुलिस के द्वारा किया जाएगा।
जिले अबतक में मिले 47 कोरोना पॉजिटिव
बताते चलें कि बिहार के बेगूसराय में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को ही गढ़हरा के तीन, साहेबपुर कमाल के दो और बलिया व खोदावंदपुर से एक-एक संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के कुल मामले 47 हो गए हैं। इनमें 38 एक्टिव मरीज हैं जबकि नौ कोरोना विजेताओं को स्वस्थ होने के बाद होम क्वारंटाइन किया गया है।