ओएनजीसी मुंबई ने धनबाद को हराया
पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एसआइएस बिहार कप ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को ओएनजीसी एफसी मुंबई ने धनबाद एफसी को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित किया।
पटना। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एसआइएस बिहार कप ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को ओएनजीसी एफसी मुंबई ने धनबाद एफसी को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित किया। ओएनजीसी की ओर से शेवको ने 35वें और ईनोक ने 57वें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद धनबाद के प्रसन्नजीत हाजरा ने 70वें मिनट में एक गोल उतारा। तीन मिनट बाद लालमुनपुइया ने गोल कर ओएनजीसी को 3-1 से बढ़त दिला दी। हालांकि एक मिनट बाद ही धनबाद के अनिकेत लोहार ने गोल कर मैच को रोमांचक बना दिया। 78वें मिनट में ओएनजीसी के नितेश ने गोल कर एक बार फिर अपनी टीम को 4-2 से आगे कर दिया। इसके बाद रेफरी की सिटी बजने से पांच मिनट पूर्व 85वें मिनट में धनबाद के अरूप मंडल ने गोल कर वापसी करने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मैच में रफ खेल के लिए धनबाद के ताइवान व मिशन सिंह को रेफरी ने यलो कार्ड दिखाया। आज का मुकाबला : स्पोर्टिग क्लब झारखंड बनाम सहारा स्टेट फुटबॉल क्लब, लखनऊ शाम पांच बजे से।