ओएनजीसी मुंबई ने हरियाणा को धोया
पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एसआइएस ऑल इंडिया बिहार कप फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को ओएनजीसी मुंबई ने एसएफसी हरियाणा को 5-0 से करारी शिकस्त दी।
पटना। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एसआइएस ऑल इंडिया बिहार कप फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को ओएनजीसी मुंबई ने एसएफसी हरियाणा को 5-0 से करारी शिकस्त दी। खेल के शुरुआत से ही मुंबई की टीम ने दबदबा कायम रखा और जो अंत तक जारी रहा। पहला गोल पांचवें मिनट में नितेश ने किया, जबकि मध्यांतर से पूर्व 38वें मिनट में ललमुनपुइया ने गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। मध्यांतर के तुरंत बाद 46वें मिनट में इनोक के गोल से मुंबई की बढ़त 3-0 हो गई, जबकि 74वें मिनट में ललमुनपुइया ने अपना दूसरा और टीम के लिए चौथा गोल दागा। रही-सही कसर धर्मेश ने 78वें मिनट में पांचवां गोल कर पूरी कर दी। आज के मैच में जयप्रकाश पंडित, नवीन उत्पल, शिवव्रत गौतम, संजय कुमार सिंह ने रेफरी और लाइनमैन की भूमिका निभाई। मैच में रफ खेल के लिए ओएनजीसी के प्रथमेश और हरियाणा के विजय को यलो कार्ड दिखाया गया। आज का मुकाबला : एसएफसी हरियाणा बनाम धनबाद फुटबॉल क्लब एकेडमी शाम पांच बजे से।