Move to Jagran APP

Virtual Samvad के आखिरी दिन नीतीश का लालू शासन पर हमला, कहा- जंगलराज को हमने बनाया कानून का राज

जदयू के छह दिवसीय वर्चुअल संवाद के आखिरी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर लालू शासन पर हमला किया। उन्‍होंने कहा कि बिहार में अब जंगलराज नहीं बल्कि कानून का राज है।

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Fri, 12 Jun 2020 09:52 PM (IST)Updated: Fri, 12 Jun 2020 10:51 PM (IST)
Virtual Samvad के आखिरी दिन नीतीश का लालू शासन पर हमला, कहा- जंगलराज को हमने बनाया कानून का राज
Virtual Samvad के आखिरी दिन नीतीश का लालू शासन पर हमला, कहा- जंगलराज को हमने बनाया कानून का राज

पटना, राज्य ब्यूरो। जदयू के बूथ स्तरीय पदाधिकारियों के साथ छह दिवसीय वर्चुअल संवाद के आखिरी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 के पहले बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए न्यायालय ने उस समय को जंगल राज कहा था। हमने उस जंगल राज में कानून का राज कायम किया। स्थिति यह थी कि पहले लोग घर से शाम को निकलते नहीं थे। मध्य बिहार के जिलों में किस तरह से नक्सलवाद बढ़ा हुआ था यह सभी जानते हैैं।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने पार्टी के पदाधिकारियों को यह कहा कि लोगों को यह बताएं कि पहले क्या हाल था और अब क्या ठीक हुआ है। यह कहते हैैं कि हमने पहले  कार्यकाल में ही केवल काम किया। जितने बड़े-बड़े काम हुए हैैं उसे चर्चा में लाएं। खाली जबाव देने में समय नहीं गंवाना है। कुछ लोग झगड़ा लगाना चाहते हैैं ताकि एक पक्ष का पूरा का पूरा वोट उनके समर्थन में आ जाए पर हम इसके पक्ष में नहीं। समाज में भाईचारे व सद्भाव का माहौल रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने समाज के हर तबके के उत्थान का काम किया। महिलाओं में बड़े पैमाने पर जागृति आयी है। पंचायती राज व नगर निकाय संस्थाओं में उन्हें 50 फीसद का आरक्षण दिया। घर की आमदनी बढ़ा रहीं हैैं जीविका समूह की महिलाएं। हर घर नल का जल अब लोगों के यहां पहुंचने वाला है। हर घर तक पक्की गली-नाली का निर्माण करा रहे। 

पार्टी पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री ने टिप्स दिया कि निरंतर सक्रिय रहिए। शराबबंदी से धंधेबाज परेशान है। गड़बड़ जिसका दिमाग है वह उल्टा-पुल्टा तो बोलेगा ही। नयी पीढ़ी को यह बताएं कि पहले न तो बिजली थी और न सड़क। पढ़ाई का इंतजाम तो था ही नहीं।

नीतीश राज में जो परिवर्तन हुआ उसे देखने की जरूरत : ललन 

जदयू के बूथ स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल संवाद में लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के पंद्रह वर्षों के शासनकाल में बिहार में जो परिवर्तन हुआ उसे देखने की जरूरत है। ललन सिंह ने कहा आप चारो तरफ नजर दौड़ा कर देखिएगा तो आपको यह पता चल जाएगा कि बिहार में कितने बड़े पैमाने पर परिवर्तन हुआ है। मुख्यमंत्री ने केवल योजनाएं नहीं बनायींं बल्कि उसे जमीन पर उतारा।

बिहार में हुए काम देश के लिए नजीर बने : आरसीपी

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व राज्यसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता आरसीपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने जो काम किए वे देश के लिए नजीर बने हैैं। इस क्रम में उन्होंने जहानाबाद में आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का विशेष रूप से उल्लेख किया। आरसीपी ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब जहानाबाद व अरवल के लोग खेती करना बंद कर चुके थे। आज बड़े पैमाने पर खेती हो रही।

पंद्रह वर्ष पहले के राज में केवल जातीय भावना उभारी गई : बिजेंद्र

ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के पहले पंद्रह वर्षों तक जो राज था उसमें केवल जातीय भावना को उभारने का काम हुआ। वहीं नीतीश कुमार ने दलित के मुहल्ले में वहां के सर्वाधिक वृद्ध से झंडा फहराने का काम किया। मंत्रिमंडल के लोग वहां मौजूद रहे। यह कोई मामूली बात नहीं।

मुजफ्फरपुर की लीची लंदन में बिक रही अब इसकी चर्चा हो रही: संजय झा

वर्चुअल संवाद का संचालन जल संसाधन मंत्री संजय झा ने किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि रोड मैप आने के बाद बिहार में अब इसकी चर्चा होती है कि मुजफ्फरपुर से लीची ऑनलाइन लंदन में बेची गयी। भागलपुर से गोभी ढाका भेजी जा रही। बिहार की इमेज में बदलाव आया है।

वंचित समाज को ताकत दी : अशोक चौधरी

भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने वर्चुअल संवाद में कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार मेंं वंचित समाज को ताकत दी। यह सोचने की बात है कि पंद्रह वर्ष पूर्व उन्हें किन परिस्थितियों में बिहार की बागडोर मिली थी और आज बिहार में किस तरह से बदलाव आया है। विकास दर 3.3 प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.