गणतंत्र दिवस पर भी नहीं थमे अपराध: प्रेमी युगल सहित चार की हत्या, दिन-दहाड़े डकैती
बिहार में गणतंत्र दिवस पर भी अपराधियों का ताडंव जारी रहा। प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए राज्य में चार हत्याएं हुईं। पटना में एक सीए के फ्लैट में डकैती भी हुई।
पटना [जेएनएन]। गणतंत्र दिवस पर भी अपराधियों का ताडंव जारी रहा। सासाराम में अपराधियों ने प्रेमी युगल की हत्या कर शवों को रेलवे पटरी पर फेंक दिया। हत्या की दो और वारदातें बेगूसराय व बक्सर में भी हुईं, जिनमें बेगूसराय में एक राजद नेता को पीट-पटकर मार डाला गया। पटना की बात करें तो एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के घर में दिन-दहाड़े डकैती की वारदात हुई तो फुलवारी के एक स्कूल में अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी।
रेल ट्रैक पर मिले युवक-युवती के शव
बिहार के सासाराम में शनिवार को एक युवक व युवती के रेल ट्रैक पर पड़े शव मिले। इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। जांच आॅनर किलिंग व सुसाइड सहित सभी संभावित बिंदुओं पर चल रही है।
सासाराम के एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक गुरु रजवार 18 वर्ष व मृतका नोखा थाना क्षेत्र के रामपुर गाजी गांव की रहने वाले थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ऑनर किलिंग और सुसाइड दोनों बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरु रजवार की शादी गत वर्ष हुई थी। इस माह के अंत में उसका गौना (द्विरागमन) होने वाला था।
बक्सर में युवक को गोलियों से किया छलनी
उधर बक्सर नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सरेआम युवक की हत्या कर दी। उसे गोलियों से भून डाला। पूरा शहर जब गणतंत्र दिवस के उल्लास में डूबा हुआ था, तब अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। हत्या की इस घटना से पूरा इलाका सन्न है। मृतक के घरों में कोहराम मच गया है। हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने बक्सर-कोचस मार्ग को जाम कर दिया।
बेगूसराय में राजद कार्यकर्ता की हत्या
बेगूसराय में राजद कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्यश कर दी गई। घटना मामला चेरिया बरियारपुर थानाक्षेत्र के श्री पुर गांव की है. जानकारी के अनुसार राजद नेता मदन पंडित को घर से बुला कर उनके ही नजदीकी लाेगों ने चिमनी के समीप ले जाकर घटना को अंजाम दिया। राजद महासचिव राम सखा महतो की मानें तो शुक्रवार की शाम दो बार मदन को खोजने लिए कुछ लोग आए थे, नहीं मिलने पर उसके नंबर पर कॉल कर बुलाया. देर शाम जब मदन अपने घर नही पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन करना शुरू की। इसी दौरान उसका शव एक चिमनी के निकट मिला। पुलिस इस संबंध में आरोपित नुनुमुनि राम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
पटना में दिन-दहाड़े डकैती, फायरिंग से दहशत
अपराधियों ने पटना में भी दहशत फैलाई। पटना के फुलवारीशरीफ हाई स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों ने हवाई फायरिंग कर अफरा-तफरी मचा दी। उधर, पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित लोटस अपार्टमेंट में चार्टर्ड अकाउंटेंट आशीष हलदर के फ्लैट में दिन-दहाड़े डकैती हो गई। डकैतों ने गृहस्वामी से उनके लाइसेंसी रिवॉल्वर सहित 2.50 लाख कैश भी लूट लिए।