मसौढ़ी में संपत्ति विवाद में पोते ने मारी गोली
थाना क्षेत्र के मणिचक मोहल्ले में बुधवार की सुबह पोते ने सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मार दी।
पटना मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के मणिचक मोहल्ले में बुधवार की सुबह पोते ने सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार प्रसाद यादव (70 वर्ष) को गोली मार दी। परिजनों ने घायल अवस्था में एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया। घटना का कारण संपत्ति विवाद बताया जाता है।
जानकारी के अनुसार, मुताबिक जहानाबाद के हनुमाननगर राजाबाजार निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार मंगलवार की शाम थाना के मणिचक निवासी अपने दामाद भखोली यादव के घर आए हुए थे। उनके तीन पुत्रों में एक पुत्र अवधेश यादव थाना के मणिचक में रहता है। राजकुमार यादव बुधवार की सुबह अपने दामाद के घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी बीच अवधेश यादव का छोटा पुत्र राजा यादव बाइक से वहा पहुंचा और संपत्ति बंटवारे की बात कहते हुए दादा राजकुमार यादव को गोली मार दी। घटना के बाद से आरोपित फरार है। इस संबंध में राजकुमार यादव के नाती राकेश कुमार ने अवधेश कुमार (यादव) व उसकी पत्नी चिंता देवी पर साजिश रच अपने बेटे राजा कुमार व चंदन कुमार के विरुद्ध गोली मारने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार यादव ने कुछ माह पूर्व अपने पुत्र अवधेश यादव व उसके पुत्रों के खिलाफ जहानाबाद कोर्ट में एक परिवाद पत्र दाखिल किया था। परिवाद पत्र में अवधेश यादव और उसके पुत्रों से अपनी जान को खतरा बताया था। पुलिस ने छापेमारी की थी।
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। बताया कि जाता है कि पोते से विवाद के कारण सेवानिवृत्त शिक्षक अपने नाती के घर रहते थे। अभी कुछ दिनों पहले भी जमीन को लेकर पोते ने हंगामा किया था। इस संबंध में उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।