Gopalganj: घर में घुस किशोरी से की अश्लील हरकत, ग्रामीणों ने दबोचा लेकिन छुड़ा ले गए स्वजन
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में किशोरी काे अकेली पाकर गांव के ही मनचले ने अश्लील हरकत की। बच्ची के शोर मचाने पर गांव के लोग जुटे तो आरोपित को दबोच लिया।
कटेया( गोपालगंज), संवाद सूत्र। कटेया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में घर में अकेली खाना बना रही एक किशोरी के साथ एक युवक ने अश्लील हरकत की। किशोरी के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे अलग बगल के लोगों ने युवक को पकड़ लिया। घटना की जानकारी होने पर किशोरी के माता-पिता भी घर आ गए। इसी बीच युवक के घर वाले भी वहां पहुंच गए। उन्होंने किशोरी के माता पिता के साथ मारपीट कर युवक को छुड़ा लिया। और लेकर भाग गए। इस घटना को लेकर युवक के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट (P) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।इसमें गांव के ही गांधी कुमार सिंह को नामजद किया गया है।
खेत में काम करने गए थे माता-पिता
बताया जाता है कि कटेया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी किशोरी के माता-पिता खेत में काम करने गए थे। इस दौरान 12 वर्षीय किशोरी घर में माता-पिता के लिए खाना पका रही थी। किशोरी को अकेले देख गांधी सिंह उसके घर में घुस गया तथा किशोरी को पकड़ कर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। इसपर किशोरी शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। उनलोगों ने युवक को पकड़ लिया।
आरोपित के माता-पिता पहुंचे और छुड़ा ले गए युवक को
इसी बीच सूचना मिलने पर किशोरी के माता-पिता भी घर आ गए। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इधर युवक को पकड़े जाने की सूचना मिलने पर आरोपित के माता-पिता व स्वजन भी वहां पहुंच गए। उन्होंने किशोरी के माता पिता के साथ मारपीट कर उनके कब्जे से अपने बेटे को छुड़ा लिया। ग्रामीणों के बीच में से वे गांंधी कुमार सिंह को अपने साथ ले गए। इस घटना को लेकर किशोरी के पिता के बयान पर थाने में उसी गांव के निवासी गांधी कुमार सिंह पर पाॅस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि छानबीन की जा रही है।