Move to Jagran APP

पटना जू में अब जिराफ को नजदीक से देख सकेंगे दर्शक, तस्वीर खींचने में नहीं होगी परेशानी

संजय गांधी जैविक उद्यान जिराफ की तस्वीर कैद करने में अब जाली बाधक नहीं बनेगी। तीनों के केजों में बड़ा शीशा (ग्लास) लगने जा रहा है।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Wed, 22 Jan 2020 09:42 AM (IST)Updated: Wed, 22 Jan 2020 09:42 AM (IST)
पटना जू में अब जिराफ को नजदीक से देख सकेंगे दर्शक, तस्वीर खींचने में नहीं होगी परेशानी
पटना जू में अब जिराफ को नजदीक से देख सकेंगे दर्शक, तस्वीर खींचने में नहीं होगी परेशानी

मृत्युंजय मानी, पटना। संजय गांधी जैविक उद्यान यानी पटना जू में जिराफ, सांभर और मणिपुर संगाई डीयर की तस्वीर कैद करने में अब जाली बाधक नहीं बनेगी। तीनों के केजों में बड़ा शीशा (ग्लास) लगने जा रहा है। इसके साथ ही जिराफ केज का विस्तार हो रहा है। सांभर और मणिपुर संघाई डीयर को नया केज मिलेगा। इनके लिए केज बनकर तैयार है।

loksabha election banner

जिराफ केज का होगा विस्तार

अफ्रीका के जंगलों में पाया जाने वाला जिराफ का कुनबा संजय गांधी जैविक उद्यान में बढ़ते जा रहा है। इनकी संख्या को देखते हुए अब केज छोटा पड़ गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से केज में नयी जाली लगाई जा रही है। इसके साथ ही जिराफ केज के विस्तार की योजना पर काम शुरू हो गया है। सांभर और नीलगाय को पुराने केज से हटाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। जिराफ को अब दर्शक और नजदीक से देख पाएंगे। इसका विस्तार गैंडा केज तक किया जा रहा है।

बच्चों को आकर्षित करती है जिराफ की खूबसूरती

स्थानीय चिडिय़ाघर में 50 सांभर हैं। इन्हें शेर पूंछ बंदर केज के सामने नये केज में रखा जा रहा है। इसके केज में भी ग्लास लगाए जाएंगे। इसके बगल में मणिपुर संगाई डीयर का केज बना है। स्थानीय चिडिय़ाघर में जिराफ की संख्या छह है। 2007 में तीन जिराफ अमेरिका के सेंट डियागो जू से लाए गए थे। अब पटना में जन्मे जिराफ देश के कई चिडिय़ाघरों की शोभा बढ़ा रहे हैं। जिराफ की मांग देशभर में है। पटना चिडिय़ाघर में जिराफ का सफल प्रजनन हो रहा है। यह जमीन पर रहने वाला सबसे ऊंचा जानवर है। इसकी खूबसूरती बच्चों को काफी आकर्षित करती है।

संगाई डीयर की बढ़ेगी संख्या

संगाई डीयर मणिपुर राज्य का राजकीय जीव है तथा संकटग्रस्त की श्रेणी में है। असम के गुवाहाटी जू से आधा दर्जन संगाई डीयर मंगाए जा रहे हैं। उनके आने के पहले केज बनकर तैयार हो गया है। इसके सिंग आकर्षक होते हैं, जिसकी कई शाखाएं निकली रहती हैं। स्थानीय चिडिय़ाघर में हिरण प्रजाति के सांभर की संख्या करीब 50 है। इसके लिए नया केज बनकर तैयार हो गया है। अब इसका स्थानांतरण नये केज में करना है। सांभर हिमालय पर्वत के दक्षिण ढ़लान वाले क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक बिहार पीके गुप्त ने कहा कि जिराफ की संख्या बढ़ती जा रही है। दर्शकों के बीच यह आकर्षण का केंद्र है। इस कारण जिराफ केज का विस्तार किया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.