विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब सरकार बदल गई है, जहां जाना है जाओ, कहकर बिहार में बदमाशों ने दुकानदारों को बेवजह पीटा

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Tue, 16 Aug 2022 06:59 AM (IST)Updated: Tue, 16 Aug 2022 07:33 AM (IST)

बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्‍तार आज होने जा रहा है। इससे पहले शेखपुरा में सेामवार रात हमारी ...और पढ़ें

घटना से आक्रोशित दुकानदार व स्‍थानीय लोग। जागरण
घटना से आक्रोशित दुकानदार व स्‍थानीय लोग। जागरण

शेखपुरा, जागरण संवाददाता। नई सरकार के मंत्रियों का शपथग्रहण आज होने वाला है। ऐसे में अब तक सरकार का गठन पूरी तरह नहीं हुआ है। लेकिन शेखपुरा जिले के बरबीघा थाने से कुछ ही दूरी पर सरकार बदलने का दावा कर बदमाशों ने एक दर्जन दुकानदारों को बेरहमी से पीट दिया। घटना सोमवार देर रात की है। इससे गुस्‍साए दुकानदारों ने करीब तीन घंटे तक बरबीघा-सरमेरा रोड को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्‍हें समझा-बुझाकर शांत कराया। इस मामले में एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।  इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। 

लाठी-डंडे लेकर आए और मचाने लगे उत्‍पात 

सड़क जाम कर रहे दुकानदारों में काफी गुस्‍सा था। स्‍थानीय दुकानदार चंदन कुमार, संजय कुमार आदि ने बताया कि थाने से कुछ ही दूरी पर अर्जुन टॉकीज सिनेमा हॉल चौक पर उनकी दुकानें हैं। सोमवार रात बगल के नर्सरी मोहल्‍ला निवासी चांदी यादव और उसके कुछ साथी लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और उत्‍पात मचाने लगे। दुकानों में रखे सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद बिना कुछ कहे बेरहमी से दुकानदारों को पीटना शुरू कर दिया। दुकानदारों ने बताया कि मारपीट और तोड़फोड़ करते समय वे कह रहे थे कि अब सरकार बदल गई है। हमारा शासन है। तुम सबको जहां जाना है जाओ।

राहगीरों को भी पीटते गए बदमाश

इस क्रम में राहगीरों के साथ भी वे मारपीट करने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। चंदन कुमार की बाइक उनलोगों ने क्षतिग्रस्‍त कर दी। अंडा दुकानदार को पीटा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस काफी देर से पहुंची। इस बीच लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने पहुंचते ही पूछताछ की। छापेमारी कर सोनू कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। वह नशे में था। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।