यात्रीगण कृपया ध्यान दें: अब स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस 20 मिनट पहले पहुंचेगी पटना, मिलेगी ये सुविधा
यात्रियो के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब नई दिल्ली से पटना को आने वाली स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस 20 मिनट पटना पहुंचेगी। साथ ही अब यात्रियों को डिस्पोजेल बेड रॉल मिलेंगे।
पटना, जेएनएन। राजेंद्रनगर टर्मिनल से नई दिल्ली जाने वाली 12309 स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन राजेंद्रनगर टर्मिनल से 7.20 बजे शाम की बजाय 7 बजे ही पटना जंक्शन के लिए प्रस्थान करेगी। 7.15 बजे यह ट्रेन पटना जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 7.25 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी और पूर्व की भांति ही नई दिल्ली पहुंचेगी। यह व्यवस्था 7 जुलाई से लागू हो जाएगी।
अब मिलेगा डिस्पोजेबल बेड रॉल
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। संक्रमण से बचाव के लिए रेलवे ने ट्रेनों में बेड रॉल देने की प्रथा को समाप्त कर दिया है। अब यात्रियों को डिस्पोजेबल बेड रॉल उपलब्ध कराने की कवायद शुरू की गई है।
देश में पहली बार पटना जंक्शन पर डिस्पोजेबल बेड रॉल के लिए कियोस्क खोला गया है। यहां से यात्रियों को सैनिटाइज बेड रॉल के साथ ही मास्क व सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। शीघ्र ही दानापुर मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी कियोस्क खोले जाएंगे जहां से यात्रियों को डिस्पोजेबल बेड रॉल उपलब्ध हो सकेगा। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार ने सोमवार को इस कियोस्क का उद्घाटन किया।
इस मौके पर डीआरएम ने कहा कि देश में पहली बार पटना जंक्शन पर डिस्पोजेबल बेड रॉल के लिए ऐसा कियोस्क खोला गया है। यहां से यात्रियों को 250 रुपये में कंबल, चादर, तकिया, मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन यात्रियों को केवल चादर चाहिए उनके लिए अलग से व्यवस्था की गई है। उन्हें 50 रुपये में चादर दिया जाएगा। जो यात्री किसी कारणवश अपने घर से बेड रॉल नहीं ला पाते हैं, वे कम कीमत में स्टेशन से खरीद सकते हैं।
इस स्टॉल से सैनिटाइज बेडरॉल ही उपलब्ध कराए जाएंगे। पटना जंक्शन पर ही डीआरएम ने रोटरी पाटलिपुत्र के सहयोग से आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया। पटना जंक्शन से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग से पाटलिपुत्र तथा दानापुर स्टेशन पर भी आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन हुआ।