पटना में अब सॉफ्टवेयर पर होगी मरीजों की रिपोर्ट, संजीवनी पोर्टल बताएगा कैसी है आपकी तबीयत
गुरु गोविंद सिंह अस्पताल एवं फुलवारीशरीफ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नए साफ्टवेर संजीवन पोर्टल पर शुक्रवार को मरीजों का निबंधन होने लगा है। जिलाधिकारी कुमार रवि ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से संजीवनी प्लस सॉफ्टवेयर पर आधारित हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया।
पटना, जेएनएन। पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल एवं फुलवारीशरीफ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नए साफ्टवेर संजीवनी पोर्टल पर शुक्रवार को मरीजों का निबंधन होने लगा है। शीघ्र ही पटना के सभी अस्पतालों में निबंधन की व्यवस्था होगी। संजीवनी पोर्टल पर मरीज ऑनलाइन अपनी रिपोर्ट देख सकेंगे तथा डॉक्टर पोर्टल के माध्यम से मरीजों की पूरी रिपोर्ट देखकर इलाज कर सकते हैं। जिलाधिकारी कुमार रवि ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से संजीवनी प्लस सॉफ्टवेयर पर आधारित हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि मरीज के अस्पताल पहुंचने पर उनका संजीवनी पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा। इसके साथ ही संबंधित रोगी के इलाज के बारे में सभी जानकारी ऑनलाइन रहेगी। मरीज के दिखाने की तिथि, डॉक्टर का नाम, अस्पताल का नाम, जांच रिपोर्ट, सुझाव की गई दवा आदि पोर्टल पर होगी। रोगी को कहीं दौड़-भाग करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोगी भी अपने इलाज से संबंधित सभी विवरण अपने स्तर से भी ऑनलाइन देख सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अब सरकारी अस्पतालों में रोगी को सरल, सहज एवं जल्दी सेवा मिलेगी। यह सॉफ्टवेयर वर्तमान में प्राथमिक एवं प्रायोगिक तौर पर पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवारीशरीफ में काम कर रहा है। इसका विस्तार शीघ्र कर दिया जाएगा। संजीवनी सॉफ्टवेयर पर आधारित यह तकनीक कारगर साबित होगा। नये साफ्टवेयर से बाह्य कक्ष, अंत:कक्ष, फार्मेसी रेडियोलॉजी, नॄसग स्टेशन इत्यादि से संबंधित कार्यों का संचालित होगा।
दोनों अस्पतालों में संजीवनी पोर्टल का निबंधन काउंटर बना है। वर्तमान में संजीवनी प्लस सॉफ्टवेयर विकसित कर हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ दो अस्पतालों में प्रायोगिक तौर पर किया गया है। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. विभा कुमारी, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर पशुपति प्रसाद सिंह सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।