बिहार की राजनीति में अब नेताजी का बकरी अवतार, उपेंद्र कुशवाहा को ले कह दी बड़ी बात
बिहार की राजनीति में फिर एक विवादित बयान चर्चा में है। इस बार उपेंद्र कुशवाहा के पूर्व सहयोगी और अब जेडीयू नेता नागमणि ने कुशवाहा को बकरी कहा है। पूरा मामला जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीति में तरह-तरह के विवादित बयानों का दौर चला, जिसमें विरोधियों को घेरने के लिए नाली का कीड़ा से लेकर रावण व शूर्पणखा तक न जने क्या-क्या कहा गया। चुनाव परिणाम अाने के बाद भी यह दौर थमता नहीं दिख रहा। ताजा मामला उपेंद्र कुशवाहा को 'बकरी' कहने का है।
दोनों सीटों पर हार गए कुशवाहा
विदित हो कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा अपनी दोनों सीटों (उजियारपुर व काराकाट) से चुनाव हार गए हैं। उजियारपुर में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय तथा काराकाट में उन्हें जनता दल यूनाइटेड (JDU) के महाबली सिंह ने पराजित कर दिया।
अब विरोधियों के निशाने पर आरएलएसपी सुप्रीमो
बिहार में महागठबंधन की हार के बाद अारएलएसपी सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा विरोधियों के निशाने पर हैं। कुशवाहा के पूर्व सहयोगी रहे जेडीयू नेता नागमणि ने कहा कि उन्होंने इस 'बकरी' को 'बाघ की खाल' पहनायी थी। उन्होंने आगे कहा, ''हमने समझा था कि उपेंद्र कुशवाहा समाज के लिए कुछ करेंगे, लेकिन उन्होंने धोखा दिया। इस कारण चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा को कुशवाहा समाज ने उन्हें फिर से बकरी बना दिया।'' उन्होंने कुशवाहा समाज को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पक्ष में मतदान के लिए धन्यवाद दिया।
2010 में पटना में होगा कुशवाहा सम्मेलन
नागमणि ने बताया कि फरवरी 2020 में शहीद जगदेव जयंती के दिन पटना के गांधी मैदान में कुशवाहा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संबोधित करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप