अब दिल्ली में भी बनवाएं बिहार बोर्ड के प्रमाण पत्र, दूर कराएं त्रुटियां-यहां देखें पता
देश की राजधानी में रह रहे बिहार के लोगों के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति दिल्ली में क्षेत्रीय कार्यालय खोला है। अब यहीं कई तरह की सुविधा मिलेगी।
पटना, जेएनएन। देश की राजधानी दिल्ली में रह रहे बिहार के लोगों के लिए बोर्ड ने खुशखबरी दी है। अब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने नई दिल्ली में भी क्षेत्रीय कार्यालय की शुरुआत की है। गुरुवार को इसका शुभारंभ बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने फीता काटकर किया। नई सुविधा से दिल्ली में रह रहे बिहार बोर्ड के छात्रों व अन्य को बार-बार बिहार नहीं आना होगा। वे एक ही कार्यालय में कई कार्य करा सकेंगे। छात्रों को माइग्रेशन, डुप्लीकेट अंक पत्र, डुप्लीकेट प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्रों का सत्यापन आदि की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।
मिलेगी कई तरह की सुविधा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति खोला गया क्षेत्रीय कार्यालय 610, द्वितीय तल, साइट 1, विकासपुरी, नई दिल्ली 110018 में है। अब दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को दिल्ली के इसी पते पर माइग्रेशन, डुप्लीकेट अंक पत्र, डुप्लीकेट प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्रों का सत्यापन, विभिन्न प्रकार के सुधार को आसानी से कराया जा सकता है।
बिहार बोर्ड से उत्तीर्ण हजारों परीक्षार्थी होंगे लाभांवित
क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से दिल्ली एवं एनसीआर में पढ़ रहे बिहार बोर्ड से उत्तीर्ण हजारों परीक्षार्थी लाभांवित होंगे। यहीं नहीं, बिहार बोर्ड से उत्तीर्ण व्यक्ति जो दिल्ली व एनसीआर में कई वर्षों से नौकरी कर रहे हैं, उन्हें भी अब बिहार बोर्ड के कार्यों के लिए यहां नहीं आना पड़ेगा।
सीबीएसई व विभाग से होगा बेहतर समन्वय
क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से दिल्ली स्थित विभिन्न शैक्षणिक संस्थान, सीबीएसई, मानव संसाधन विकास मंत्रालय के साथ समिति को बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, राष्ट्रीय एकेडमिक डिपॉजिटरी में बिहार बोर्ड के विद्यार्थियों के कागजातों को संधारित करने के संबंध में समन्वय का कार्य भी क्षेत्रीय कार्यालय करेगा। यहां के कंप्यूटर को बिहार बोर्ड के सर्वर एवं इंटीग्रेटेड डेटाबेस को जोड़ा जायेगा। बोर्ड ने इसके लिए प्रभारी पदाधिकारी, प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक एवं लेखापाल को प्रतिनियुक्त किया है।