बिहार में अब आम लोगों को भी लगेगा कोरोना टीका, वैक्सीन लेने के लिए कराएं रजिस्ट्रेशन
बिहार में अब 50 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मार्च के पहले सप्ताह से इनके पंजीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। पंजीकरण की तिथि की घोषणा 20 फरवरी के बाद होगी।
राज्य ब्यूरो, पटना: बिहार के स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स के बाद अब 50 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मार्च के पहले सप्ताह से इनके पंजीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। पंजीकरण की तिथि की घोषणा 20 फरवरी के बाद होगी। राज्य में ये अभियान तकरीबन पांच महीने चलेगा। राज्य में अब तक 4.30 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया है। इसमें तकरीबन 39 हजार फ्रंटलाइन वारियर्स और 3.90 लाख स्वास्थ्य कर्मी हैं जिन्हें टीके की पहली डोज दी गई है।
राज्य स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार 50 से अधिक आयु वर्ग के लोगों की पहचान के लिए समिति ने चुनाव आयोग की मतदाता सूची को आधार बनाया है। आयोग की मतदाता सूची के मुताबिक राज्य में 50 से अधिक आयु वर्ग के लोगों की संख्या करीब 2.04 करोड़ है। इनमें 50-59 आयु के लोगों की संख्या 97.73 लाख, 60-69 के लोगों की संख्या 63.41 लाख, 70-79 आयु वर्ग के लोगों की संख्या 30.90 लाख और 80 से अधिक आयु के लोगों की संख्या तकरीबन 12.93 लाख है।
सिविल सर्जनों के दिए गए निर्देश
स्वास्थ्य समिति सूत्रों की मानें तो मार्च से पंजीकरण प्रारंभ करने के लिए जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि वे स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिनियुक्त कर 50 से अधिक आयु वर्ग के आम लोगों को टीकाकरण पंजीकरण के लिए जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग को-विन पोर्टन पर निबंधन कराएं। इधर दूसरी ओर स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज देने का अभियान 14 फरवरी से चलेगा। दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए भी जिलों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सर्जनों के साथ जिलाधिकारियों को कहा गया है कि स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज देने के क्रम में फ्रंटलाइन वर्कर का टीकाकरण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। सूत्रों ने बताया कि विभाग ने 50 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण लक्ष्य को जुलाई तक पूरा करने का समय निर्धारित किया है।