दीघा में पिस्टल के साथ कुख्यात साजन डोम गिरफ्तार
दीघा थाने की पुलिस ने कुख्यात साजन डोम को शनिवार से घाट नंबर-93 से गिरफ्तार कर लिया।
पटना। दीघा थाने की पुलिस ने कुख्यात साजन डोम को शनिवार से घाट नंबर-93 से गिरफ्तार कर लिया। वह एक दुकान में लूट की फिराक में पहुंचा था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है। बदमाश मूलरूप से आलमगंज का निवासी है।
थानेदार मनोज सिंह ने बताया, साजन लूट, हत्या, चेन स्नेचिंग, छिनतई व डकैती के 14 मामलों में चार्जशीटेड है और दो मामलों में वांटेड था। उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इसके खिलाफ कई थाने में केस दर्ज हैं। पिछले साल अक्टूबर महीने में साजन और उसके साथी ने राजेंद्र नगर में मॉर्निग वाक कर रही रागिनी देवी के गले की चेन छीन ली। विरोध करने पर साजन ने महिला की कमर में गोली मार घायल कर दिया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके कुछ दिन बाद ही साजन ने कंकड़बाग में महिला की पिटाई कर गले की चेन छीन ली थी। करीब चेन स्नेचिंग के आधा दर्जन मामले इसके खिलाफ दर्ज हैं। पुलिस की मानें तो साजन डोम इसी साल जून महीने में जेल से बाहर आया है। जेल से बाहर आने के 20 दिन बाद ही उसने अपने मामा को गोली मार दी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। इसके खिलाफ चौक में भी एक मामला दर्ज है। मोबाइल छीनने का आरोपित गिरफ्तार: आलमगंज थाने की पुलिस ने मोबाइल छीनने के आरोपित दादर मंडी निवासी गुड्डू उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पढ़ने जाने के लिए निकले काजीबाग निवासी आदित्य कुमार से नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रोड में साथी की मदद से मोबाइल छीन लिया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपितों की पहचान हुई। कल्लू ने पुलिस को बताया कि छीना गया मोबाइल उसके दोस्त के पास है।