पटना में साले ने ली बहनोई की जान, रात में साथ सोए सुबह विवाद के बाद मार दी गोली
राजधानी के नौबतपुर में कुख्यात की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गया।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बुधवार की सुबह हत्या की खबर ने सनसनी मचा दी। पटना के नौबतपुर में कुख्यात की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गया। मृतक की पहचान रूपेश कुमार (34) के रूप में हुई है। जबकि हत्या का आरोप दीपक पर लगा है। रूपेश और दीपक का आपस में बहनोई-साले का रिश्ता था।
दोनों पर हत्या का आरोप
जानकारी होने पर नौबतपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक रूपेश और दीपक पर पूर्व में अपने गांव निवासी उमाशंकर सिंह एवं उनके पुत्र धीरज की हत्या का आरोप है।
कथा में आमंत्रित था हत्यारा
बताया जाता है कि रामबाबू सिंह का पुत्र रूपेश कुमार नौबतपुर की छोटी टंगरैला में रहता था। उसके घर में दो दिन से कथा का आयोजन किया जा रहा था। इस शुभ अवसर पर परिवार के अन्य लोग भी शामिल हुए थे। इसमें रूपेश का ममेरा साला बिक्रम थाना के बेनीबीघा निवासी दीपक कुमार भी आमंत्रित था।
स्पीकर के कारण नहीं आई गोली चलने की आवाज
बताया जाता है कि देर रात दीपक और रूपेश सोने चले गए। बुधवार की भोर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तैश में आकर दीपक ने रूपेश की गोली मारकर हत्या कर दी। कथा के कारण घर में स्पीकर लगने से गोली की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी।
सुबूत मिटाने के लिए तोड़ने लगा सीसी कैमरा
वारदात को अंजाम देने के बाद जब दीपक भागने लगा तो उसकी नजर रूपेश के घर में लगे सीसी कैमरे पर पड़ गई। पहचान उजागर होने के डर से दीपक कैमरा तोड़ने लगा तो रूपेश की मां ने उसे देख लिया। रूपेश की मां को देखते ही वो उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। शक होने पर मां जब कमरे के अंदर गई तो देखा कि रूपेश खून से लथपथ पड़ा था। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा। मौत के बाद रूपेश के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।