भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- अब भ्रष्टाचारमुक्त देश के निर्माण का सपना होगा पूरा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भ्रष्टाचार मुक्त देश के निर्माण का सपना पूरा होगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने बिहार विधानसभा में एनडीए को विश्वास मत हासिल होने के बाद कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भ्रष्टाचार मुक्त देश के निर्माण का सपना पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि एक लंबे अंतराल के बाद बिहार को मौका मिला है कि केंद्र और राज्य दोनों जगह एक गठबंधन की सरकार है। इससे बिहार के विकास को एक नई गति मिलेगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भले ही आठ मिनट में अपनी बात रखी, लेकिन उन्होंने विपक्ष के सभी सवालों का जवाब दिया।
यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है कि सदन में विपक्ष को बोलने का अधिक समय दिया गया और सत्तापक्ष ने कम समय में ही अपनी बातें रखीं।
बता दें कि आज बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी इस सरकार ने आज सदन में बहुमत भी हासिल कर लिया।