नीतीश दूसरी बार बने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्पेशल स्टेटस की फिर उठी मांग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। आज दिल्ली में ताजपोशी हुई। बधाई देनेवालों का तांता लगा हुआ है। सभा को भी संबोधित किया।
पटना, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। दिल्ली स्थित मावलंकर हॉल में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्होंने यह जिम्मेवारी संभाली। बैठक में देश भर से आए जदयू के डेलिगेट्स शामिल हुए। इसे लेकर मंगलवार को ही नीतीश कुमार दिल्ली पहुंच गए थे। बता दें कि सात दिनों के भीतर यह दूसरा मौका है, जब दिल्ली में जदयू के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल हुए हैं। हाल ही में दिल्ली प्रदेश जदयू के प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।
पहले राष्ट्रीय परिषद की बैठक 20 अक्टूबर को राजगीर में तय थी। बाद में उप चुनाव को ध्यान में रखकर दिल्ली में बैठक करने का फैसला किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री का विशेष संबोधन हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिर बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग को दोहराया। राजनीतिक मसले के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र और खास तौर पर पर्यावरण के क्षेत्र में पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि पद लेने में मेरा कोई इंट्रेस्ट नहीं रहता है। काम करने की लालसा हमेशा मन में रहती है। जनता ने जो जिम्मेवारी सौंपी है, उस पर लगातार काम करना चाहते हैं और कर रहे हैं। जदयू बिहार में तो काम कर रही रहा है, झारखंड-दिल्ली समेत उत्तर-पूर्व के राज्यों में भी बेहतर कर रहा है। उन्होंने बिहार के विकास के लिए विशेष दर्जा को सही बताया। उन्होंने कहा कि पिछड़े राज्य तभी आगे बढ़ेंगे, जब उन्हें विशेष दर्जा मिलेगा। यह जरूरी है।
प्रतिनिधियों को पर्यावरण से जुड़ी स्थितियों के बारे में सेंसेटाइज किया गया। उन्हें यह बताया गया कि किस तरह से पर्यावरण से जुड़ी समस्या से आम और खास वर्ग के लोग परेशान हैैं। बिहार में चल रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में भी भी चर्चा हुई है।
जदयू के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में बिहार व दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है। खासकर दिल्ली विधानसभा चुनाव में जदयू की सहभागिता पर विशेष चर्चा हुई। जदयू से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय परिषद में पूरब के राज्यों के अतिरिक्त दक्षिण और उत्तर-पूर्वी राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
उधर, जदयू के दूसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर नीतीश कुमार को दल से जुड़े तमाम नेताओं के अलावा एन्डीए के नेताओं ने भी बधाई दी है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि जदयू को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा अब मिलना चाहिए। कई राज्यों में पार्टी मजबूत स्थिति में आ गई है।