प्रकाश पर्व पर बोले नीतीश- धन को हृदय में न दें स्थान, गुरुनानक के बताए रास्ते पर चलें
550 वें प्रकाश पर्व पर नीतीश कुमार ने लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा- गुरुनानक देव कहते थे धन को जेब तक ही सीमित रखना चाहिए उसे अपने हृदय में स्थान नहीं बनाने देना चाहिए।
पटना, राज्य ब्यूरो। गुरुनानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। शुभकामना संदेश में कहा कि गुरुनानक देव जी के व्यक्तित्व में दार्शनिक, योगी, गृहस्थ, धर्म संस्थापक, समाज सुधारक, कवि, देशभक्त एवं विश्वबंधु के गुण मिलते हैैं। उन्होंने शांति, दया एवं मानवता का पवित्र संदेश देने को ले चारों दिशाओं में बड़े पैमाने पर यात्राएं की थीं। इन्हें उदासी के नाम से जाना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुनानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व को राजगीर में 27 से 29 दिसंबर तक मनाया जाएगा। राजगीर में गुरुनानक देव जी ने जमीन पर अपना चरण स्पर्श कर शीतल जल का फुहारा प्रकट कर दिया था। वह स्थान शीतल कुंड के नाम से विख्यात है। राजगीर में उक्त स्थान पर गुरुद्वारा शीतल कुंड का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इसी वर्ष 11 जनवरी वहां गुरुद्वारा शीतल कुंड का शिलान्यास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुनानक देव जी के समग्र एवं समरस समाज बनाने के सपने को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने इक ओंकार का नारा दिया था, यानी ईश्वर एक है। वह कहा करते थे कि किसी भी तरह के लोभ को त्याग कर अपने हाथों से मेहनत कर न्यायोचित तरीके से धन का अर्जन करना चाहिए। कभी किसी का हक नहीं छीनना चाहिए। धन को जेब तक ही सीमित रखना चाहिए, उसे अपने हृदय में स्थान नहीं बनाने देना चाहिए। हम सभी को गुरुनानक देव जी के संदेशों को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करनी चाहिए।