Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार तैयार, NDA की मीटिंग में बताया 2025 का टारगेट
2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह से तैयार नजर आ रहे हैं। नीतीश कुमार ने 2025 के लिए टारगेट भी सेट कर लिया है। राजद विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में राजग 220 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य हासिल करना संभव है।
राज्य ब्यूरो, पटना। Nitish Kumar News मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजग (NDA) के घटक दलों को 2025 के विधानसभा चुनाव में 220 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य दिया है। कहा कि यह लक्ष्य हासिल करना संभव है। हम लगातार जनता के हित में काम कर रहे हैं। वे सोमवार को यहां राजग विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इसमें भाजपा, जदयू, हिन्दुस्तानी अवामी मोर्चा और रालोजपा के विधायक एवं विधान परिषद सदस्य शामिल हुए। इसका आयोजन विधानमंडल के मानसून सत्र की रणनीति पर विचार के लिए किया गया था। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार ने भी संबोधित किया।
'220 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगा राजग'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में 220 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर राजग अपने ही 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ेगा। मालूम हो कि 2010 के विधानसभा चुनाव में जदयू 115 और भाजपा 91 सीटों पर जीती थी। 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग के 206 सदस्य थे। राजद 23 सीट पर सिमट कर रह गया था।
नीतीश ने कहा- राजद की सीटों में 2010 की तुलना में कुछ और कमी आएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने विकास किया है। समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है। राज्य के लोगा भी हमारे गठबंधन को पसंद करते हैं। आप सब राज्य सरकार के कार्यों के बारे में जनता को बताएं।
'हमने विशेष दर्जे की मांग की है'
उन्होंने कहा कि हमने केंद्र से राज्य के लिए विशेष दर्जा और विशेष पैकेज की मांग की है। राज्य के लिए केंद्र सरकार जरूर कुछ अच्छा करेगी। आने वाले दिनों में राज्य का विकास और तेज होगा। बैठक में उपस्थित कुछ विधायकों ने क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में लिखित जानकारी दें। समस्या का निदान होगा। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विधानमंडल के सदस्यों से आग्रह किया कि वे सदन में उपलब्ध रहें। कई महत्वपूर्ण विधेयक आने वाले हैं।
सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने क्या कहा?
क्षेत्र में लंबित विकास कार्य को तेजी से पूरा कराएं। लोकसभा चुनाव में एनडीए को 75 प्रतिशत सीट पर जीत मिली है। अब 2025 के विधानसभा चुनाव में 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ना है। एनडीए के किसी भी सदस्य कोई असुविधा हो तो सीधे मुझसे संपर्क कर सकते हैं। - सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री
विधायकों के प्रश्नों का सरकार शतप्रतिशत उत्तर देगी। विपक्ष के नकारात्मक वातावरण का विधायक एवं विधान पार्षदगण मजबूती के साथ तर्कपूर्ण जवाब देना सुनिश्चित करें। सदन में ज्यादा से ज्यादा उपस्थित रहे यह सभी सदस्यों को प्रयास करना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं। ऐसे में एनडीए के किसी सदस्य को कोई परेशानी हो तो वह अपनी बात से मुख्यमंत्री को अवगत करा सकते हैं। - विजय सिन्हा, उप मुख्यमंत्री
ये भी पढ़ें- Bihar Special Status: क्या NDA से अपना समर्थन वापस लेंगे नीतीश? कांग्रेस के सवाल से बिहार में गरमाई सियासत
ये भी पढ़ें- Nitish Kumar: विजय चौधरी के आवास पर हुई JDU की बैठक, CM नीतीश ने अपने विधायकों को दे दिया बड़ा निर्देश
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।