डीहा गांव में कराया जाएगा पुरातात्विक अध्ययन: नीतीश
विकास समीक्षा यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शु्क्रवार को शेखपुरा जिले के डीहा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने हर घर नल का जल तथा गली-नली पक्की योजना का उद्घाटन किया।
शेखपुरा [जेएनएन]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के अरियरी ब्लॉक के डीहा गांव के पुरातात्विक अध्ययन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को डीहा गांव में सात निश्चय योजना के तहत हर घर नल का जल तथा हर गली-नली पक्कीकरण योजना का उद्घाटन करने के बाद ये घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गांव का पैदल भ्रमण करने बाद गांव की बनावट को लेकर जिज्ञासा जताई। उन्होंने वहीं से बिहार विरासत विकास समिति के प्रमुख से बातचीत की। डीहा गांव की जमीन के नीचे दबे रहस्यों को सामने लाने को कहा।
इस संबंध में मुख्यमंत्री ने डीहा के ग्रामीणों से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने वहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी उद्घाटन किया। इस दौरान डीहा गांव में नली गली पक्कीकरण योजना का काम देखकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर की। इस अवसर पर जिला के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ,क्षेत्रीय विधायक रंधीर कुमार सोनी, डीहा की मुखिया, डीएम, एसपी भी मौजूद थे।