नीतीश ने किया कटाक्ष- पैराट्रूपर की तरह बिहार आ रहे केंद्र के मंत्री
एक दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र के बयान पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र के मंत्री पैराट्रूपर की तरह बिहार आते है। बिहार में केवल संवाददाता सम्मेलन के सिवाय और कोई काम नहीं हो रहा है।
पटना। चुनाव का मौसम आते ही केन्द्रीय मंत्रियों के लगातार बिहार आने पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री पैरा ट्रूपर की तरह यहां आ रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस के अलावा वे और कुछ नहीं करते हैं। रोजाना सात- आठ पीसी (प्रेस कांफ्रेंस) कर रहे हैं। शनिवार को संवाद कक्ष में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि केन्द्रीय मंत्रियों की प्रेस कांफ्रेंस में सिर्फ एक ही एजेंडा होता है। वे लोग हर बार इतना बोलते हैं कि लोग पुरानी सारी बातें भूल जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र द्वारा बिहार में कोई काम नहीं किया जा रहा है। 14 वें वित्त आयोग की सिफारिश पर बिहार को मिलने वाली राशि में कटौती कर दी गई। इसके बाद भी केन्द्रीय मंत्रियों का आना जारी है। ऐसा लगता है कि केन्द्रीय मंत्री यहां सिर्फ बखोरने आते हैं। केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र द्वारा राज्य सरकार को धूर्त कहे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को लेकर उन लोगों में इतना गुस्सा है कि वे सही शब्दों का चयन तक नहीं कर पा रहे। ये उनकी मानसिकता और संस्कार को दर्शाता है। नीतीश ने कहा कि केन्द्र ने आइआइटी, मद्रास में छात्र संगठन पर प्रतिबंध लगाकर लोकतंत्र पर हमला किया है। केन्द्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण बिल को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। जितना विरोध इस बिल का हो रहा है उतना विरोध आज तक देश में किसी भी बिल का नहीं हुआ है। केन्द्र सरकार गरीबों और किसानों के हित के बजाए कॉरपोरेट वर्ग के लिए काम कर रही है।