पर्यावरण संरक्षण को कृतसंकल्पित नीतीश सरकार, हरा-भरा होगा हमारा बिहार
बिहार में पर्यावरण संरक्षण को कृतसंकल्पित है। इसे लेकर पहली अगस्त से मिशन मोड के तहत पौधरोपण अभियान चलेगा। 50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। मंत्री श्रवण कुमार ने दी यह महत्वपूर्ण जानकारी।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार पूरी तरह हरियाली मोड में अब दिखेगा। सरकार प्रदेश में हरियाली लाने के लिए गंभीर के साथ ही कृतसंकल्पित दिख रही है। यूं कहें कि पर्यावरण संरक्षण के लिए नीतीश सरकार प्रभावकारी पहल कर रही है। जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार तत्वों को कम करने के प्रयास हो रहे हैं। राज्य में सघन पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। एक अगस्त से 15 अगस्त के दौरान 50 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
यह जानकारी ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि मिशन मोड में वन महोत्सव सह सघन पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान से जल, जीवन और हरियाली का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में बिहार के सभी जन प्रतिनिधियों से लेकर सरकारी एवं गैरसरकारी कर्मियों के साथ-साथ आम जन का सहयोग अपेक्षित है। इसके लिए सभी जन प्रतिनिधियों को पत्र लिखकर सहयोग का अनुरोध किया गया है।
इसे लेकर बिहार प्रदेश जल कल्याण सेवा संस्थान के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्रवण कुमार से मुलाकात की तथा अभियान में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। संस्थान के अध्यक्ष निर्मल कुमार वर्मा एवं बापू गांधी के उपनाम से मशहूर डा. महेश चतुर्वेदी ने कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी मुहिम चलाएंगे। मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में पौधरोपण अभियान के तहत 42.27 लाख पौधे लगाए गए थे। इस बार 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप