भावुक हुए नीतीश, कहा- बिहार मेंं डॉ मिश्र की ऐतिहासिक भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ मिश्र के आवास पर उनसे जुड़ी यादें साझा कीं। वे उनके आवास पर लगभग एक घंटा रहे और उनके साथ बिताए पलों को याद कर काफी भावुक हो गए।
पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत डॉ जगन्नाथ मिश्र को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कहा कि बिहार में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। अंतिम समय तक वह बिहार की समस्याओं के बारे में सक्रिय रहे। पटना के शास्त्रीनगर स्थित डॉ मिश्र के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
मुख्यमंत्री नीतीश ने भावुक होते हुए कहा कि वैसे तो यह नियति की बात है कि जो इस धरती पर आया है, उसे आज न कल चले ही जाना है। वे तो चले गए, लेकिन उन्होंने जो काम किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता। वह सरकार में नहीं थे लेकिन जो भी जानकारी उनके पास होती थी, उसके बारे में मुझसे चर्चा करते थे। व्यक्तिगत रूप से उनके प्रति मेरे मन में हमेशा सम्मान का भाव रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ मिश्र सरकार के कामकाज के बारे में भी अपनी राय देते थे। उपलब्धियों पर बधाई देते थे। पिछले कुछ दिनों से वह अस्वस्थ जरूर थे, पर जब भी मुलाकात होती थी तो वे आत्मविश्वास भरपूर दिखाई देते थे। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार सदैव उन्हें याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने डॉ मिश्र के परिजनों से भेंटकर उन्हें सांत्वना भी दी। मुख्यमंत्री करीब घंटे भर डॉ. मिश्र के आवास पर बैठे। उस समय विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और पूर्व विधान पार्षद बिनोद कुमार सिंह मौजूद थे। पूर्र्व मंत्री नीतीश मिश्रा लगातार वहीं बैठे थे।