बिहार: नीतीश-सुशील-राबड़ी सहित नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ, मंगल पांडे नहीं पहुंचे
सोमवार की शम में बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सीएम नीतीश-डिप्टी सीएम सुशील मोदी-राबड़ी सहित सबने शपथ ली, लेकिन मंगल पांडे नहीं पहुंचे।
पटना [जेएनएन]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, वहीं कर्नाटक चुनाव में व्यस्तता की वजह से मंगल पांडेय शपथ लेने नहीं पहुंचे। विधान परिषद के एनेक्सी भवन में शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था।
विधान परिषद के उप सभापति हारुण रशीद ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में सभी एमएलसी को आमंत्रित किया गया था। राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा अधिकृत किए जाने के बाद उप सभापति नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। संजय पासवान और प्रेमचंद्र मिश्रा ने मैथिली में शपथ लिया तो वहीं खालिद अनवर ने ऊर्दू भाषा में शपथ ली।
नव निर्वाचित विधान पार्षदों में जदयू के दो, भाजपा और कांग्रेस से एक-एक नेता पहली बार चुने गए हैं। जबकि, नीतीश कुमार, सुशील मोदी एवं राबड़ी की तीसरी तथा मंगल पांडेय की दूसरी पारी होगी। रामचंद्र पूर्वे की यह चौथी पारी है। अन्य सभी छह सदस्य पहली बार विधान परिषद के सदस्य बने।
इनमें संजय पासवान, प्रेमचंद मिश्रा, रामेश्वर महतो, खालिद अनवर, खुर्शीद मोहसिन और संतोष सुमन शामिल हैं। एक विधायक वाली जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा की पहली बार परिषद में इंट्री हुई। परिषद में अब नहीं दिखेंगे
छह मई को खाली हो रही 11 सीटों में से सिर्फ चार सदस्य ही दोबारा चुनकर आए हैं। शेष सात का कार्यकाल खत्म हो गया। इनमें जदयू के संजय सिंह, उपेंद्र प्रसाद, चंदेश्वर चंद्रवंशी, राजकिशोर कुशवाहा एवं भाजपा के लालबाबू प्रसाद शामिल हैं। भाजपा के सत्येंद्र नारायण सिंह का निधन हो गया है, जबकि दल-बदल के कारण जदयू के नरेंद्र सिंह की सदस्यता पहले ही खत्म हो गई थी।
राबड़ी बनेंगी नेता प्रतिपक्ष
नए सदस्यों के शपथ लेने के बाद 75 सदस्यों वाले उच्च सदन में विभिन्न दलों की संख्या प्रभावित हुई है। सत्ताधारी दल जदयू परिषद में सबसे बड़ी पार्टी बनी रही। जदयू के 32 और भाजपा के 22 सदस्य हैं। 80 विधायकों वाली पार्टी राजद का परिषद में तीसरा स्थान है। नौ सदस्यों के बूते राबड़ी देवी को परिषद में नेता प्रतिपक्ष का दर्जा मिलना तय है। अशोक चौधरी के साथ चार सदस्यों के दल बदल के कारण कांग्रेस के सिर्फ दो सदस्य ही बच गए थे। अब उसके तीन सदस्य हो गए।
विधान परिषद में अब दलों की स्थिति
जदयू : 32
भाजपा : 22
राजद : 09
कांग्रेस : 03
भाकपा : 02
लोजपा : 02
रालोसपा : 01
हम : 01
निर्दलीय : 03
नवनिर्वाचित विधान पार्षद
जदयू: नीतीश कुमार, रामेश्वर महतो एवं खालिद अनवर
भाजपा: सुशील मोदी, मंगल पांडेय और संजय पासवान
राजद: राबड़ी देवी, रामचंद्र पूर्वे, सैयद खुर्शीद मोहसिन
कांग्रेस: प्रेमचंद मिश्रा
हम: संतोष सुमन