BJP President Nitin Nabin: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के पास सिर्फ ₹35 हजार कैश, करोड़ों की है नेटवर्थ
Nitin Nabin Net Worth: 45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने जेपी नड्डा ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राधा कृष्ण, पटना। BJP President Election: भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के साथ एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। महज 45 साल की उम्र में नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने जेपी नड्डा की जगह पार्टी की कमान संभाली है। वह भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी राजनीतिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी संपत्ति और वित्तीय स्थिति भी चर्चा में है।
चुनावी हलफनामे से सामने आई संपत्ति
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दायर चुनावी हलफनामे के अनुसार, नितिन नवीन और उनके परिवार की कुल संपत्ति 3.08 करोड़ रुपये है।
इसमें चल और अचल दोनों तरह की संपत्तियां शामिल हैं। पांच बार विधायक रह चुके नितिन नवीन की संपत्ति अन्य बड़े नेताओं की तुलना में संतुलित मानी जा रही है।
चल और अचल संपत्ति का पूरा हिसाब
हलफनामे के मुताबिक, नितिन नवीन और उनके परिवार के पास कुल 1.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। वहीं, अचल संपत्ति यानी जमीन-जायदाद की कीमत करीब 1.47 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही उन पर बैंकों और वित्तीय संस्थानों का लगभग 56.6 लाख रुपये का कर्ज भी दर्ज है।
जेब में नकद बेहद कम
करोड़ों की संपत्ति के बावजूद नितिन नवीन नकद रखने में ज्यादा विश्वास नहीं करते। हलफनामे के अनुसार, उनके पास कैश इन हैंड केवल 35 हजार रुपये हैं।
उनकी पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव के पास 25 हजार रुपये नकद हैं। इस तरह दंपत्ति के पास कुल नकद राशि महज 60 हजार रुपये है, जो उनकी कुल संपत्ति के मुकाबले काफी कम है।
बैंक बैलेंस और निवेश
हालांकि नकद कम है, लेकिन बैंक और वित्तीय संस्थानों में उनका निवेश मजबूत है। नितिन नवीन के खातों में कुल 98.68 लाख रुपये जमा हैं।
इसके अलावा, उन्होंने शेयर और बॉन्ड में करीब 6.6 लाख रुपये का निवेश भी किया हुआ है, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति स्थिर नजर आती है।
गाड़ियों और आभूषणों की जानकारी
नितिन नवीन के पास दो एसयूवी गाड़ियां हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 37.8 लाख रुपये है। इनमें एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और दूसरी टोयोटा इनोवा क्रिस्टा शामिल है, जिसे अक्टूबर 2022 में खरीदा गया था।
इसके अलावा, नितिन नवीन और उनकी पत्नी के पास करीब 11.3 लाख रुपये के सोने के आभूषण भी हैं।
अचल संपत्ति मुख्य रूप से पत्नी के नाम
रियल एस्टेट के मामले में नितिन नवीन का परिवार सक्रिय है, लेकिन अधिकतर संपत्तियां उनकी पत्नी के नाम पर हैं। पटना में एक प्लॉट है, जिसकी कीमत लगभग 1.18 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा, झारखंड के धुकरी इलाके में एक जमीन है, जिसकी कीमत करीब 29 लाख रुपये आंकी गई है।
आय का स्रोत और राजनीतिक पृष्ठभूमि
हलफनामे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में नितिन नवीन की वार्षिक आय 3.71 लाख रुपये रही, जबकि 2021-22 में यह 3.35 लाख रुपये थी। उनकी पत्नी की वार्षिक आय 1.12 लाख रुपये दर्ज की गई है।
रांची में जन्मे नितिन नवीन भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। वे पटना पश्चिम और बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और पिछला विधानसभा चुनाव उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी को 51 हजार से अधिक वोटों से हराकर जीता था। अब वे निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।
