'निशांत कुमार हैं तैयार'; JDU के पोस्टर से बढ़ी सियासी हलचल, मुख्य प्रवक्ता ने बताया-क्या है संकेत?
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन से पहले जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार के एक पोस्टर ने सियासी हलचल ...और पढ़ें
HighLights
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने लगाया नया सियासी पोस्टर।
नीतीश कुमार और बेटे निशांत की तस्वीर, विरासत का संदेश।
निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य पर बिहार में अटकलें तेज।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की सियासत में नई सरकार के गठन से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
संभावित तौर पर 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है, उससे पहले ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।
इसी बीच जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का एक पोस्टर चर्चा में आ गया है, जिसे उन्होंने अपने सरकारी आवास के बाहर लगाया है।
पोस्टर में ‘विरासत’ का संदेश
पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके बेटे निशांत कुमार की तस्वीर लगाई गई है। इसमें लिखा है- 'मजबूत विरासत, भविष्य दमदार, निशांत कुमार हैं तैयार'।
पोस्टर की खास बात यह है कि दोनों नामों के शुरुआती अक्षर 'NI' को प्रमुखता से दर्शाया गया है और पिता-पुत्र की तस्वीरों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
नीरज कुमार ने बताया, पोस्टर का संदेश
पोस्टर को लेकर सवाल पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि दोनों के नाम में 'एनआई' समान है और यह विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में निशांत कुमार को लेकर सकारात्मक माहौल है और 'जय निशांत, तय निशांत' जैसे नारे भी लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 'तीर' (जदयू का चुनाव चिह्न) बिहार की तकदीर बदल चुका है और अब इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को मिल रही है।
सीएम चेहरे पर अभी भी सस्पेंस
नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा और संगठन या सरकार में किसकी क्या भूमिका होगी, इसका अंतिम निर्णय एनडीए के शीर्ष नेतृत्व और सहयोगी दल मिलकर करेंगे।
फिलहाल इस पोस्टर ने बिहार की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया है और संभावित नेतृत्व को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
