बिहार: अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद के बीच निशांत कुमार का बयान आया सामने, किसे बताया पार्टी का समर्पित साथी?
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने पटना स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नीरज कुमार के पक्ष में प्रचार किया।

निशांत कुमार और नीरज कुमार। (सोशल मीडिया)
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नीरज कुमार के लिए विधान परिषद चुनाव में प्रचार किया।
नीरज कुमार को जदयू का समर्पित और अनुभवी साथी बताया गया।
नीतीश कुमार के 20 वर्षों के सुशासन और शिक्षा कार्यों की सराहना की।
राज्य ब्यूरो, पटना। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने रविवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में नालंदा से आए युवाओं को पटना स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए होने वाले विधान परिषद के चुनाव को लेकर संबाेधित किया।
उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि नीरज कुमार हमारे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार हैं। वह समता पार्टी के समय से ही साथ में हैं।
जदयू के विचारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता रही है। एनडीए प्रत्याशी की जीत नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल में हुए कार्यों के प्रति आभार प्रकट करना होगा। उनकी जीत में युवा साथी सक्रिय भूमिका निभाएं। जदयू प्रत्याशी सह मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार भी इस मौके पर मौजूद थे।
नीरज कुमार अनुभवी साथी
निशांत ने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के समर्पित एवं अनुभवी साथी हैं। समाजवादी विचारधारा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है और वे सदैव अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं जनहित से जुडे़ मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
ऐसे में युवा प्रत्येक साथी का दायित्व है कि वे पूरी एकजुटता के साथ उनके समर्थन में चुनाव प्रचार में जुटें और उनकी जीत सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नीतीश कुमार में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का किया काम
निशांत ने कहा कि बीते 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा छात्रों एवं युवाओं के हित में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।
वर्ष 2005 में राज्य में 10 राजकीय विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या वर्ष 2025 तक बढ़कर 21 हो गई। निशांत ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट नीतीश कुमार के 20 वर्षों के सुशासन के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में न्याय के साथ विकास की गति को आगे बढ़ाने तथा बिहार की शिक्षा व्यवस्था एवं रोजगार परक नीतियों को और मजबूत बनाने के संकल्प का भी प्रतीक है।
उन्होंने पटना सहित सभी आठ शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- 'पार्टी रहे चाहे जाए, नीरज सिंह को हराएंगे', अनंत सिंह ने दिखाए बागी तेवर; नीतीश संग मुलाकात का खोला राज
