निर्भया केस का भी खौफ नहीं है दरिंदों को, गोपालगंज से युवती को बुलाकर पटना में किया दुष्कर्म
निर्भया केस में आरोपियों को मिली फांसी अभी ताजा मामला है। इसके बाद भी समाज के दरिंदों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। बदमाश ने गोपालगंज की युवती के साथ पटना में किया दुष्कर्म।
पटना, जेएनएन। निर्भया केस में आरोपियों को मिली फांसी अभी ताजा मामला है। इसके बाद भी समाज के दरिंदों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। घटना को अंजाम देने में उसके हाथ नहीं कांपते हैं। दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम देकर मानवता को शर्मसार तो कर ही रहे हैं, घर-परिवार का भी भद पिटवा रहे हैं। दुष्कर्म का एक नया मामला बिहार की राजधानी में पटना में सामने आया है। गोपालगंज से युवती को बुलाकर पटना में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। हालांकि, पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित दक्षिणी शिवपुरी मोहल्ले में स्थित ओझा लॉज में युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लॉज में रहने वाले आरोपित उमेश राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती गोपालगंज की रहने वाली है, जबकि आरोपी उमेश जमुई का रहने वाला है।
इस संबंध में शास्त्रीनगर के थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि आरोपित मूलरूप से जमुई के खैरा का निवासी है। वह लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। युवती के अनुसार, उमेश और उसके बीच फोन पर बातें शुरू हुई थीं। इसके बाद उमेश ने उसके समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। युवती को प्रेमजाल में फंसाकर शुक्रवार को उमेश ने उससे शादी करने के लिए पटना बुलाया। यहां आने पर उमेश उसे दक्षिणी शिवपुरी स्थित ओझा लॉज में लेकर गया। वहां उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे एएन कॉलेज के पास ऑटो पर बिठा दिया और कहा कि अब तुम घर चली जाओ।
युवती को उमेश की मंशा पता चल जाने पर वह शास्त्री नगर थाने में गई और प्राथमिकी दर्ज कराई। शनिवार को युवती की मेडिकल जांच कराने के साथ कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया। उधर, पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है।