12 हेलीकॉप्टर से उड़े 27 एनडीए नेता
पटना। भाजपा गठबंधन ने चौथे और पांचवें चरण में 112 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चु
पटना। भाजपा गठबंधन ने चौथे और पांचवें चरण में 112 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को 12 हेलीकॉप्टरों ने एनडीए के 27 नेताओं को लेकर उड़ान भरी। सिने अभिनेत्री हेमामालिनी और अभिनेता अजय देवगन भी चुनाव प्रचार में उतर गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय मंत्री उमा भारती सहित अन्य मंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई नेता चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। हेलीकॉप्टर से जाने वाले एनडीए नेताओं ने 56 सभाओं में भाग लिया। वहीं गुरुवार को जदयू ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को महागठबंधन के पक्ष में प्रचार के लिए उतार दिया है। जदयू के दो हेलीकॉप्टर ने स्थानीय एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जबकि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव मधेपुरा से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने एक हेलीकॉप्टर उतारा है, इससे मीरा कुमार ने प्रचार के लिए उड़ान भरी। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी गुरुवार को बिहार दौरे पर आए थे। राजद का एक हेलीकॉप्टर चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद भी सुबह 9.15 बजे तक हेलीकॉप्टर से उड़ान भर चुके थे। एनडीए नेता सड़क मार्ग से भी आधा दर्जन से अधिक बड़ी सभाओं में भाग लेने के लिए रवाना हुए। चौथे चरण में एक नवंबर को 55 विधानसभा सीटों के लिए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और सिवान में मतदान होगा। जबकि पांचवें चरण में पांच नवंबर को 57 सीटों के लिए मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा और दरभंगा जिले में चुनाव होना है।