एनडीए नेताओं ने एक सुर में कहा, नरेंद्र मोदी ने देश और सेना का मान बढ़ाया
पटना में पीएम नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान से लेकर विपक्ष तक पर जमकर निशाना साधा। बारिश के बाद भी लोग उनके भाषण को सुनते रहे। रैली में तमाम एनडीए नेताओं ने एक सुर से पीएम को सराहा।
पटना [जेएनएन]। बिहार की राजधानी पटना में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान से लेकर विपक्ष तक पर जमकर निशाना साधा। बारिश के बाद भी लोग उनके भाषण को सुनते रहे। संकल्प रैली में तमाम एनडीए नेताओं ने एक सुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सराहा। कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश और सेना का मान बढ़ाया है।
भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा: रविशंकर प्रसाद
केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पीएम ने देश और सेना का मान बढ़ाया है और दुनिया के सामने साफ कर दिया है कि भारत अब पहले की तरह नहीं है। बड़ी ताकत है, जो आतंक के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने राजग के खिलाफ बन रहे महागठबंधन का भी मजाक उड़ाया और कहा कि अगर वह सरकार बनाने की स्थिति में आएंगे तो हफ्ते-हफ्ते भर की सरकार बनाएंगे। पहले भी ऐसा हो चुका है, जब वीपी सिंह, इंद्र कुमार गुजराल, देवेगौड़ा और चंद्रशेखर की छह-छह महीने की सरकारें बन चुकी हैं।
महागठबंधन नहीं, महामिलावट : राधामोहन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने राजग के खिलाफ कई दलों के गठबंधन का मजाक उड़ाते हुए महामिलावट करार दिया और कहा कि देश पहले भी कई बार ऐसे गठबंधनों को परख चुका है। किसी सरकार के दौरान इतना तेजी से देश का विकास नहीं हुआ है। कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए कई बेहतर कार्य किए हैं। उत्पादन एवं उत्पादकता में तेजी से वृद्धि हुई है। गांवों की सूरत बदली है। पहले की सरकारें गांवों और किसानों के विकास के सिर्फ नारे गढ़ा करती थी।
मोदी ने किया देश का समदर्शी विकास : रामकृपाल
केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि आजादी के बाद किसी भी सरकार में देश की इतनी तरक्की नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का समदर्शी विकास किया। बिना किसी से भेदभाव किए, सबके घर तक रोशनी पहुंचाई। केंद्र सरकार का नारा ही है सबका साथ, सबका विकास। रामकृपाल ने राजग समर्थकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में राजग की दोबारा सरकार बनानी है। मोदी ने भारत का नाम पूरी दुनिया में ऊंचा किया है। अगले पांच साल के लिए भी देश को नरेंद्र मोदी की जरूरत है।
धूप व बारिश के बाद भी लोग डटे रहे: नित्यानंद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने एनडीए की संकल्प रैली को बिहार की सफलतम रैली बताया। उन्होंने कहा इस रैली में शामिल हुए लोगों ने नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया है। राय ने कहा कि पहले कड़ी धूप इसके बाद हुई बारिश के बाद भी लोग अपने प्रिय प्रधानमंत्री को सुनने के लिए मैदान पर डटे रहे। उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए बिहार की समस्त जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता बधाई की पात्र है।
इधर कानून का और उधर जेल से राज: ललन सिंह
जल संसाधन व योजना एवं विकास मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज है। राजद में जेल का राज था। उन्होंने लालू प्रसाद सहित जेल में बंद राजद नेताओं के नाम भी लिये। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में न सिर्फ कानून का राज स्थापित किया गया, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी नकेल कसा गया।
महागठबंधन नहीं, डरबंधन है : नंदकिशोर
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि महागठबंधन डरे हुए लोगों का गठबंधन है। इनमें ताकत नहीं। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों की सरकार विकास को संकल्पित है।