विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार खत्म होने से पहले NDA का बड़ा दावा, बोले- नीरज सिन्हा रचेंगे नया इतिहास

Published: Tue, 28 Jul 2026 06:36 PM (IST)Updated: Tue, 28 Jul 2026 06:38 PM (IST)

एनडीए के पांचों घटक दलों ने संयुक्त प्रेस-वार्ता कर बांकीपुर उपचुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने विकास, सुशासन ...और पढ़ें

प्रेस कांफ्रेंस में एकजुटता का संदेश देते एनडीए के नेता।

प्रेस कांफ्रेंस में एकजुटता का संदेश देते एनडीए के नेता।

HighLights

  1. एनडीए के घटक दलों ने बांकीपुर में जीत का दावा किया।

  2. विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को जीत का आधार बताया।

  3. विपक्ष पर विकास एजेंडा न होने का आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, पटना। एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने मंगलवार को संयुक्त प्रेस-वार्ता कर बांकीपुर को जीतने का दावा किया।

कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है। 30 जुलाई को एनडीए के पक्ष में रिकाॅर्ड वोट पड़ेंगे।

NDA नेताओं की प्रेस कांफ्रेंस 

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस-वार्ता को भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष क्रमश: संजय सरावगी, उमेश सिंह कुशवाहा, राजू तिवारी, अनिल कुमार व आलोक सिंह ने संबोधित किया।

कहा कि भाजपा ने बूथ अध्यक्ष जैसे समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है, जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।‎

नित‍िन नवीन ने बदली बांकीपुर की तस्‍वीर 

सरावगी ने कहा कि नितिन नवीन ने विधायक रहते हुए बांकीपुर में सड़क, आधारभूत संरचना, जन-सुविधाओं और विकास के अनेक कार्य कर क्षेत्र की तस्वीर बदली है।

यही कारण है कि रोड-शो में स्वतः लोग उमड़ आए। कुछ नेता चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देते हैं, जबकि एनडीए हर दिन जनता के बीच रहकर काम करता है। विपक्ष के पास न विकास का एजेंडा है और न ही कोई सकारात्मक मुद्दा।

कुशवाहा ने कहा कि प्रशांत किशोर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वीडियो को एआइ बताना उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा का परिणाम है।

यदि उनके पास कोई साक्ष्य है तो उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा जनता और नीतीश कुमार से क्षमा-याचना करें। ‎2005 के पहले और आज के विकसित पटना का अंतर हर नागरिक महसूस कर रहा है। जनता विकास के इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भारी मतों से एनडीए को विजयी बनाएगी।

एनडीए की जीत की औपचारिकता ही शेष

राजू ने कहा कि बांकीपुर में एनडीए की जीत की औपचारिकता शेष है। एनडीए के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं और बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

अनिल ने कहा कि बांकीपुर का विकास पूरे बिहार के लिए एक उदाहरण बन चुका है। एनडीए के सभी कार्यकर्ता पूरे समर्पण और उत्साह के साथ चुनाव अभियान में जुटे हैं तथा जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ‎

आलोक ने कहा कि नितिन नवीन की पिछली जीत के अंतर से भी अधिक मतों से विजय प्राप्त कर नीरज नया इतिहास रचेंगे। ‎एनडीए की एकजुटता और कार्यकर्ताओं का परिश्रम इस चुनाव में निर्णायक है।