बिहार: अब ख्ाुलेगा उफनती गंगा में समाई स्काॅर्पियो का राज, कार्रवाई में जुटी नौसेना
बिहार के पटना स्थित गंगा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक स्कॉपियो बीते मंगलवार को गिर गई थी। पुलिस उसे सुसाइड मान रही है। घटना के रहस्य से पर्दा उठाने में नौसेना जुट गई है।
पटना [जेएनएन]। पटना के महात्मा गांधी ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए उफनता गंगा में समा गई स्कॉर्पियो का राज अभी तक नदी में ही दफन है। गाड़ी में कौन थे और यह दुर्घटना थी या सुसाइड, इसका राज खोलने के लिए अब नौसेना कार्रवाई में जुट गई है। नौसेना के साथ गाड़ी की खोज में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी लगातार लगी हुईं हैं।
अत्याधुनिक सोनार सिसटम में शुरू की गई खोज
मंगलवार की अहले सुबह गांधी ब्रिज पर रेलिंग तोड़कर गंगा में गिरी स्कार्पियो का पता नहीं चल सका है। खोजबीन के लिए अब उत्तराखंड से नौसेना की टीम को बुलाया गया है। टीम ने रविवार से ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसमें नौसेना अत्याधुनिक सोनार सिस्टम की भी मदद ले रही है।
घटना के दिन से ही किशोर लापता
घटना के दिन से ही पटना के कंकड़बाग से एक चिकित्सक डॉ. विपिन कुमार सिंह का 14 वर्षीय बेटा आदर्श सिंह भी स्कॉर्पियो के साथ गायब है। पुलिस ने परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर मान लिया है कि स्कॉर्पियो डॉ. विपिन कुमार सिंह की है। लेकिन, जब तक वह बरामद न हो जाए, तब तक पुलिस निश्चित तौर पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
मां को किया था मैसेज: मेरे लिए मत रोना
पुलिस अनुसंधान में पता चला है कि आदर्श ने घटना के दिन सुबह तीन बजे घर से निकलते ही मां को वॉट्सएेस मैसेज किया था। मैसेज में लिखा था, 'बाय मॉम, मेरे लिए मत रोना।' पुलिस के अनुसार सुबह तीन बजे घर से निकलने के बाद आदर्श बुद्धा कॉलोनी में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने भी गया था।
नदी में उफान से मुश्किल हुई खोज
बहरहाल, घटना स्थल पर स्कॉर्पियो व उसके सवार की खोज जारी है। गंगा में इन दिनों पानी बढ़ा हुआ है। घटना स्थल पर नदी की गहराई 60 फीट से अधिक है। नदी में पानी के तेज बहाव व गहराई के कारण खोजबीन मुश्किल हो रही है। अब नौसेना पर ही उम्मीद है।