विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीठे की क्रेव‍िंग हो या करना हो फलाहार, शकरकंद को उबालकर ऐसे बनाएं हलवा, घी और इलायची डालते ही महक उठेगी रसोई

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:48 PM (IST)

नवरात्र में फलाहार के लिए शकरकंद का हलवा एक स्वादिष्ट और ऊर्जावान विकल्प है। इसे घर पर आसानी से घी, ...और पढ़ें

शकरकंद के हलवे के साथ नीलम सिंह। सौ: स्वयं

 शकरकंद के हलवे के साथ नीलम सिंह। सौ: स्वयं

HighLights

  1. शकरकंद हलवा नवरात्र फलाहार का स्वादिष्ट और ऊर्जावान विकल्प।

  2. घी, चीनी/गुड़ और मेवों से घर पर बनाना आसान।

  3. व्रत में मीठे की इच्छा पूरी करने का उत्तम व्यंजन।

सोनाली दुबे, पटना। नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के साथ खानपान में भी बदलाव देखने को मिलता है। नौ दिनों तक व्रत रखने वाले लोग ऐसे फलाहार की तलाश में रहते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ऊर्जा भी दे।

इस दौरान फल, दूध, मेवे और शकरकंद जैसी चीजों का सेवन पसंद किया जाता है। शकरकंद से कई तरह के व्यंजन बनाए जा सकते हैं, लेकिन इससे तैयार होने वाला हलवा व्रत के फलाहार को खास बना देता है।

घी की खुशबू, इलायची का स्वाद और मेवों की कुरकुराहट से भरपूर शकरकंद का हलवा खाने में जितना स्वादिष्ट है, इसे बनाना भी उतना ही आसान है।

घर में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री से इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है। मीठा खाने की इच्छा हो या फलाहार में कुछ अलग शामिल करना हो, शकरकंद का हलवा अच्छा विकल्प बन सकता है।

उबालने से लेकर भूनने तक, आसान है बनाने की विधि

बहादुरपुर की नीलम सिंह बताती हैं कि नवरात्र में शकरकंद का हलवा आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए शकरकंद, घी, चीनी या गुड़, इलायची पाउडर और कटे हुए मेवों की जरूरत होती है।

मिठास अपनी पसंद के अनुसार रखी जा सकती है। शकरकंद को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। ठंडा होने पर उसका छिलका उतारें और उसे अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि हलवे में गांठें न रहें।

घी में अच्छी तरह भूनें: अब कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें मैश किया हुआ शकरकंद डाल दें। मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए इसे अच्छी तरह भूनें। इससे शकरकंद का कच्चापन दूर होगा और हलवे का स्वाद भी निखरेगा।

मिठास और खुशबू का दें साथ: शकरकंद अच्छी तरह भुन जाए तो स्वादानुसार चीनी या गुड़ डालें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि हलवा कड़ाही में चिपके नहीं। इसके बाद इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालकर दो से तीन मिनट तक पकाएं।

गर्मागर्म हलवे से बढ़ेगा फलाहार का स्वाद

जब हलवा अच्छी तरह तैयार हो जाए और घी हल्का-सा अलग दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें। इसे कटे हुए बादाम, काजू या अपनी पसंद के मेवों से सजाकर परोस सकते हैं।

शकरकंद में कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देते हैं। हालांकि, हलवे में घी, चीनी या गुड़ की मात्रा भी उसकी पौष्टिकता और कैलोरी को प्रभावित करती है।

इस नवरात्र में फलाहार के लिए शकरकंद का हलवा एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है। मधुमेह से पीड़ित लोगों को इसमें चीनी या गुड़ की मात्रा को लेकर विशेष सावधानी रखनी चाहिए और अपने खानपान के अनुरूप ही इसका सेवन करना चाहिए।