पटना में दुकान का शटर काटकर 30 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने गार्ड को बनाया बंधक
नौबतपुर के चिरौरा स्थित एक गोदाम में हथियारबंद अपराधियों ने 30 लाख रुपये मूल्य के टीवी, फ्रिज, एसी और कूलर ...और पढ़ें

पटना में लूट। ग्राफिक्स एआई जनरेटेड
HighLights
चिरौरा गोदाम में 30 लाख रुपये के सामान की लूट।
हथियारबंद अपराधियों ने गार्ड को बंधक बनाया, मारपीट की।
पुलिस जांच जारी, इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग।
संवाद सहयोगी, नौबतपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरौरा स्थित टीवी, फ्रिज, एसी और कूलर के गोदाम में हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना 19 मई की अहले सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
आधे दर्जन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने गोदाम का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां तैनात गार्ड को बंधक बनाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सामान लूट लिए।
जानकारी के मुताबिक अपराधी पहले से पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। गोदाम का शटर काटने के बाद सभी अपराधी अंदर घुस गए और वहां ड्यूटी कर रहे गार्ड विश्वामित्र खरवार को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया।
अपराधियों ने गार्ड के साथ मारपीट करते हुए उसे धमकाया और हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने गोदाम में रखे महंगे एसी, टीवी और कूलर वाहन पर लोड कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गोदाम के आसपास जांच-पड़ताल करते हुए स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। मौके पर शटर काटे जाने के निशान और बिखरे सामान देखकर पुलिस ने इसे सुनियोजित लूट की घटना बताया है।
बंधक बनाकर की मारपीट
गोदाम के गार्ड विश्वामित्र खरवार ने बताया कि देर रात अचानक कई लोग गोदाम के अंदर घुस आए। सभी के हाथ में हथियार थे। विरोध करने पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए बंधक बना लिया।
गार्ड ने बताया कि अपराधी काफी देर तक गोदाम में सामान लोड करते रहे, लेकिन डर के कारण वह कुछ नहीं कर सका।
घटना के दो दिन बाद 21 मई को गोदाम मालिक नाजिम नदीम ने नौबतपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हथियार के बल पर लूटपाट और गोदाम का शटर काटकर चोरी करने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस बड़ी लूट की घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।विदित हो कि पिछले कुछ दिनों से नौबतपुर थाना क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की गई है।
