विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में वकील के पुत्र की हत्‍या! प्रेमिका के घर गया था 25 वर्षीय युवक, चार दिन बाद नहर में मिला शव

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:55 AM (IST)

नालंदा जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते 25 वर्षीय पीजी छात्र शिवम रेक्स का शव नहर में मिला है, जिससे इलाके ...और पढ़ें

शि‍वम की मौत पर ब‍िलखते प‍िता और फाइल फोटो।

शि‍वम की मौत पर ब‍िलखते प‍िता और फाइल फोटो।

HighLights

  1. नालंदा में 25 वर्षीय पीजी छात्र शिवम रेक्स का शव नहर में मिला।

  2. प्रेम प्रसंग के कारण प्रेमिका के पिता-भाई पर हत्या का आरोप।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, मामले की गहन जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, बिहार शरीफ। नालंदा जिले से प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय पीजी छात्र शिवम रेक्स का शव नहर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

स्वजन ने प्रेमिका के पिता और भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के गोवाल बिगहा निवासी शिवम रेक्स के रूप में हुई है। बताया गया है कि शिवम के माता-पिता दोनों हिलसा कोर्ट में अधिवक्ता हैं।

छह महीने से लड़की से था प्रेम संबंध 

शिवम का शव राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच नहर में बहता हुआ मिला। स्वजन ने कहा कि शिवम के सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर जख्म के निशान पाए गए हैं। इन चोटों के आधार पर हत्या की आशंका जताई है।

बताया गया है कि शिवम का एकंगरसराय थाना क्षेत्र के एकंगरडीह गांव की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतक के दोस्त दीपक कुमार के अनुसार दोनों एसयू कॉलेज में पीजी प्रथम वर्ष के छात्र थे।

करीब छह महीने से उनके बीच बातचीत और संपर्क था। मृतक के पिता ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि लड़की के भाई ने उन्हें फोन कर मामले को ‘मैनेज’ करने की बात कही थी।

पिता का कहना है कि उन्हें भरोसा था कि शिवम को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, लेकिन बाद में उनके बेटे की हत्या कर दी गई।

14 सितंबर की शाम में हुई थी बातचीत 

वहीं, मृतक के बड़े भाई सत्यम केशवा ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे शिवम से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी।

उस समय शिवम ने खुद को बिहारशरीफ में बताया था, जबकि परिवार का आरोप है कि वह एकंगरसराय में लड़की के स्वजन के संपर्क में था।

भाई ने आरोप लगाया कि शिवम को बातचीत और भरोसे के जरिए बुलाया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। स्वजन ने लड़की के भाई पर पहले से भरोसा दिलाने और शिवम का वीडियो रिकॉर्ड करवाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में नहर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ, जो पानी में भीगने के कारण बंद था।

स‍िम से हुई मृतक की पहचान 

एफएसएल टीम की मौजूदगी में मोबाइल का सिम दूसरे फोन में लगाया गया, जिसके बाद हिलसा के एक अधिवक्ता का नंबर सामने आया और पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।

तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि युवक का मोबाइल 14 सितंबर की रात करीब 8 बजे से बंद था। पुलिस के मुताबिक, उस समय तक स्वजन ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। शव के सिर पर चोट का निशान भी देखा गया है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्वजन के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और हत्या से जुड़े आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।