छठ पर हवाई जहाज से बिहार लौटा नालंदा का मजदूर, मां से किया वादा निभाने में खर्च की एक महीने की कमाई
चेन्नई में काम करने वाले नालंदा के एक मजदूर शत्रुघ्न कुमार ने छठ महापर्व पर अपनी मां से किया वादा ...और पढ़ें

एयर होस्टेस के साथ वीडियो बनाता शत्रुघ्न। वीडियो ग्रैब
HighLights
नालंदा का मजदूर शत्रुघ्न छठ पर हवाई जहाज से लौटा।
मां से किया वादा निभाने को खर्च की पूरी कमाई।
चेन्नई में वेल्डिंग का काम करता है शत्रुघ्न कुमार।
डिजिटल डेस्क, पटना। छठ महापर्व पर घर लौटने की चाह परदेस में रहने वाले लोगों को हर मुश्किल से लड़ने का हौसला देती है।
त्योहार के दिनों में ट्रेनों में टिकट की मारामारी और विमानों का आसमान छूता किराया घर वापसी को चुनौती बना देता है। इसी बीच बिहार के नालंदा जिले के एक मजदूर की कहानी इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है।
चर्चा है कि चेन्नई में लोहे की फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करने वाले शत्रुघ्न कुमार ने अपनी मां से किया वादा निभाने के लिए एक महीने की पूरी कमाई हवाई जहाज के टिकट पर खर्च कर दी और फ्लाइट से गांव लौटा।
हवाई जहाज में खुद रिकॉर्ड किया वीडियो
शत्रुघ्न की कहानी सिर्फ हवाई यात्रा करने की नहीं, बल्कि मां के प्रति उनके प्रेम, मेहनत और वर्षों से संजोए एक सपने को पूरा करने की है।
विमान में पहली बार सफर करने की खुशी उसके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है। यात्रा के दौरान का उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसमें वह विमान के भीतर उत्सुकता से इधर-उधर देखते नजर आता है। फ्लाइट में एयर होस्टेस से भी बातचीत की। एयर होस्टेस ने मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने हाय किया।
मां से किया था फ्लाइट से घर लौटने का वादा
शत्रुघ्न ने अपनी मां से वादा किया था कि जब भी वह गांव लौटेगा, हवाई जहाज से ही आएगा। आर्थिक तंगी और मजदूरी के बीच इस वादे को पूरा करना आसान नहीं था।
इसके बावजूद उसने अपना सपना नहीं छोड़ा। चेन्नई में रहकर लोहे की फैक्ट्री में वेल्डिंग का कठिन काम करते हुए उसने मेहनत की और अपनी कमाई से हवाई यात्रा का खर्च जुटाया।
आखिरकार छठ के अवसर पर वह दिन आ गया, जब शत्रुघ्न ने मां से किया अपना वादा पूरा कर दिया। घर लौटने के लिए उसने ट्रेन के बजाय विमान का सफर चुना।
इसके लिए अपनी एक महीने की पूरी कमाई लगा देना उनके लिए बड़ी बात थी। लेकिन मां से किए वादे को निभाने की खुशी के सामने यह खर्च भी उसे मंजूर था।
शत्रुघ्न के गांव पहुंचने पर उसका स्वागत किया गया। इस यात्रा की कहानी इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद लोग उनकी मेहनत और मां के प्रति प्रेम की सराहना कर रहे हैं।
