अदालतगंज तालाब में लगेगा म्यूजिकल फाउंटेन, ओपन थिएटर में होगा लेजर शो का प्रदर्शन Patna News
अदालतगंज तालाब को जल-जीवन-हरियाली योजना से जोड़ा जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने तालाब के जीर्णोद्धार कार्य को मार्च 2020 तक पूरा करने का निर्देश दिया है।
पटना, जेएनएन। अदालतगंज तालाब जल्द ही बदला-बदला दिखाई देगा। इसे जल-जीवन-हरियाली योजना से जोड़ा जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने इसका जीर्णोद्धार कार्य मार्च 2020 तक पूरा करने का निर्देश दिया है। शनिवार को स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर अफसरों को फटकार भी लगाई।
गंदगी देख पूछा- किसकी है जिम्मेदारी
सरपेंटाइन नाले में गंदगी देखते ही सवाल किया- यहां गंदगी क्यों है? इसकी सफाई की जिम्मेदारी किसकी है? नगर निगम का सफाई निरीक्षक से कैफियत तलब करें। तत्काल प्रभाव से वेतन भुगतान पर रोक लगाएं। उनके साथ नगर निगम के आयुक्त अमित पांडेय भी मौजूद थे।
पाइप से गिराया जाएगा वर्षा का पानी
इसके बाद वे अदालतगंज तालाब पहुंचे। यहां 9.84 करोड़ की लागत से चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तालाब के आसपास मकानों के छत से वर्षा जल संचय कर पाइप से तालाब में गिराया जाएगा। तालाब में म्यूजिकल फाउंटेन लगेगा। मॉर्निग वाकरों के लिए ट्रैक और वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। तालाब का तीन वर्षो तक रखरखाव निर्माण एजेंसी को करना होगा।
हर दिन होगा लेजर शो
उन्होंने कहा कि तालाब के जल में वायु संचरण तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिसके माध्यम से जल में ऑक्सीजन घुलता रहेगा और इसकी स्वच्छता बनी रहेगी। तालाब के पश्चिमी कोने में ओपन थिएटर होगा जिसमें लेजर शो का प्रदर्शन होगा। तालाब परिसर में चार पहिया व दो पहिया वाहनों की पार्किंग भी बनाई जाएगी। निरीक्षण में सरपेंटाइन नाला में गंदगी देखकर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों से कारण पूछा। वीरचंद पटेल पथ पर जन सुविधा केंद्र निर्माण की जिम्मेदारी संभालने वाले संवेदक दयानंद प्रसाद सिन्हा एंड कंपनी को नाले का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। जन सुविधा केंद्र की स्थिति पर रिपोर्ट देने को कहा।