Move to Jagran APP

दानापुर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

बेखौफ अपराधियों ने बुधवार को सरेशाम भाजपा नेता सह दानापुर व्यापार मंडल के व्यवस्थापक अशोक जायसवाल की हत्या कर दी।

By Edited By: Published: Thu, 18 Aug 2016 01:42 AM (IST)Updated: Thu, 18 Aug 2016 01:42 AM (IST)
दानापुर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

पटना । बेखौफ अपराधियों ने बुधवार को सरेशाम भाजपा नेता सह दानापुर व्यापार मंडल के व्यवस्थापक अशोक जायसवाल (50 वर्षीय) को गोलियों से छलनी कर दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस कप्तान मनु महाराज, सिटी एसपी डॉ. सत्यप्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए। अशोक की पत्नी किरण जायसवाल और बहू ऋचा जायसवाल ने पड़ोसी दिनेश सिंह, छोटू, ऋषिदेव, भोला व अन्य पर हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने ऋषिदेव और भोला को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।

loksabha election banner

सुपारी देकर कराई गई हत्या

अशोक घर के सामने शाम करीब साढ़े पांच बजे संजय की चावल की गद्दी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी अपराधियों ने उनके सीने में चार गोलियां दाग दीं और हवाई फाय¨रग करते हुए उत्तर दिशा की ओर फरार हो गए। शूटरों की तलाश में दानापुर, शास्त्री नगर, फुलवारीशरीफ और बिहटा में छापेमारी चल रही है। पुलिस को घटनास्थल से नाइन एमएम की गोलियों के खोखे मिले हैं। अंदेशा है कि पेशेवर हत्यारों ने सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया।

ऋषिदेव की बेटी के साथ भाग कर की शादी

अशोक के छोटे बेटे आकाश जायसवाल उर्फ गोलू ने पड़ोसी ऋषिदेव की बेटी के साथ भाग कर अंतरजातीय विवाह किया था। दोनों जून के अंतिम सप्ताह में घर से भाग गए थे। इसके बाद ऋषिदेव ने अशोक समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पूरा परिवार पुलिस से बचने के लिए घर छोड़कर फरार हो गया था। अशोक ने उसकी बेटी को बहू मान लिया। युवती ने जब कोर्ट में स्वेच्छा से भागने की बात स्वीकार की, तब अशोक और उसके परिवार को जमानत मिली। इसकी वजह से ऋषिदेव काफी आक्रोशित था। उसने कई बार बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी थी। अशोक का बड़ा बेटा गुंजन जायसवाल घटना के वक्त मछुआटोली स्थित दुकान में था।

ग रुवार को दानापुर बंद का आह्वान

हत्या की खबर सुनते ही सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल में व्यवसायियों और नेताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव और विधायक आशा सिन्हा परिजनों का ढांढस बंधाने अशोक के घर पहुंचे। वहीं पूर्व विधान पार्षद हरेंद्र प्रताप एवं गंगा प्रसाद, दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंचे। भाजपा नेताओं ने हत्या के विरोध में दानापुर बंद रखने का आह्वान किया।

कई कांडों का आरोपी है दिनेश

अशोक की हत्या का नामजद आरोपी दिनेश सिंह कई कांडों का आरोपी है। सूत्रों के मुताबिक हाल में अशोक ने दानापुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार से मुलाकात कर हत्या की आशंका जताई थी। कहा था, उन्हें अंदेशा है कि दिनेश उनकी हत्या कर देगा। लेकिन थानाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

निर्दलीय लड़ा था विस चुनाव

अशोक की भारतीय जनता पार्टी में अच्छी पैठ थी। वह नगर मंडल से लेकर कई उच्च पदों पर काबिज रहे हैं। विधानसभा चुनाव, 2010 के समय उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। वे काफी कम वोटों से पराजित हुए थे। इसके बाद वे दोबारा भाजपा में लौट आए। सौम्य व्यवहार के कारण नेता और व्यवसायी उन्हें बहुत पसंद करते थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.