सिवान में युवक की हत्या के बाद हैवान बने लोग, आरोपित के घर में लगाई आग; महिला की मौत, कई घायल
Bihar Crime शुक्रवार की देर रात सिवान के महाराजगंज में बरात से लौटकर आ रहे एक युवक की हत्या के बाद जमकर बवाल हो गया। गुस्साई भीड़ ने एक परिवार को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए उनके घर में आग लगा दी।
सिवान, जागरण टीम। सिवान जिले के महाराजगंज में शुक्रवार की रात बरात से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या के बाद भारी बवाल हो गया। युवक की हत्या से गुस्साए लोगों ने एक परिवार पर इस घटना का आरोप लगाकर उनके घर में आग लग दी। इस घटना में एक महिला की झुलस कर मौत हो गई, वहीं घर में मौजूद रहे कई लोग घायल हो गए हैं। यह पूरा वाकया शुक्रवार की रात ही हुआ। मौके पर तनाव देख बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बता दें कि पिछले दिनों अनुमंडल क्षेत्र में हुई आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण में विफल रहने पर कल ही एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने थाना के इंस्पेक्टर अशोक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया था और उनकी जगह आज (शुक्रवार) को रणधीर कुमार ने योगदान दिया था।
बरात से वापस लौट रहे युवक की हत्या
महाराजगंज थाना क्षेत्र के बलऊ ईंट भट्ठा के समीप घात लगाए बदमाशों ने बरात से वापस लौट रहे 21 वर्षीय युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार की रात 10 बजे की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बलऊ पंचायत के नेरुआ गांव निवासी संजय साह के 21 वर्षीय पुत्र सागर कुमार उर्फ एमपी साह के रूप में हुई। बदमाशों ने सागर को सिर में गोली मारी थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत
बताया जाता है कि सागर कुमार अपने गांव से राजेंद्र पंडित के पुत्र के बरात में शामिल होने के लिए सारण के गजियापुर गया हुआ था। वहां से वह अपने बाइक से वापस घर लौट रहा था। शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे ईंट भट्ठा के समीप बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण गोली की आवाज सुन घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि सागर जख्मी हालात में गिरा हुआ है। जख्मी सागर को आनन-फानन में महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष रणधीर कुमार महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुट गए। इधर, घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने एक परिवार को जिम्मेदार बताते हुए उनके मकान में आग लगा दी और कई लोगों की पिटाई कर दी। इस पूरे प्रकरण में संजू देवी नाम की एक महिला की मौत हो गई। दूसरी तरफ, इस घटना में घायल गोलू कुमार, सेबू कुमार और रुखसाना का इलाज चल रहा है।