महिला सिपाहियों को अश्लील मैसेज भेजने लगा दिलफेक मुंशी, खुली पोल तो मांगी माफी
पटना पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाहियों से मुंशी के द्वारा मुंशी की चैट का स्क्रीन शॉट वायरल होने से हड़कंप मच गया। बाद में अधिकारियों की मध्यस्ता से मामला शांत हुआ।
पटना, जेएनएन। पटना पुलिस लाइन में शुक्रवार को एक बार फिर सिपाही विद्रोह की नौबत आ गई थी, लेकिन अधिकारियों ने वक्त रहते हालात पर काबू पा लिया। प्रतिनियुक्ति स्थल से बैरक तक लाने-पहुंचाने के लिए जिम्मेवार मुंशी महिला सिपाहियों को अश्लील मैसेज कर रहा था। सुबह 11 बजे तक कुछ महिला सिपाहियों ने मैसेज वाला स्क्रीनशॉट वायरल कर दिया। बात जब अधिकारियों तक पहुंची तो मुंशी ने महिला सिपाहियों के पैर पकड़कर माफी मांग ली।
शर्मनाक हरकत पर अधिकारी मौन
एक पीड़ित सिपाही ने कहा कि शाम तक अधिकारियों को जानकारी मिल गई तो उसने माफी मांग ली। पहली गलती समझकर उसे माफ कर दिया गया। विभाग में शर्मनाक हरकत होने पर अधिकारी मौन हैं।
हाय लिखकर की थी शुरुआत, धीर-धीरे बढ़ती गई बात
बताया जाता है कि महिला सिपाहियों के वाट्सएप ग्रुप में सुबह 11 बजे एक स्क्रीनशॉट आया। भेजने वाले का नाम 'गाड़ी मुंशी' लिखा था। 24 मार्च की रात 9 बजकर 51 मिनट पर उसने महिला सिपाही को हाय लिखकर पहला मैसेज किया। महिला सिपाही ने कोई जवाब नहीं दिया तो 25 मार्च की सुबह से दोपहर तक उसने गुड मॉर्निग, क्या हो रहा है, कॉल जैसी बातें लिखीं। महिला सिपाही ने कोई जवाब नहीं दिया।
एक नहीं कई को कर रहा था मैसेज
उसने अपनी सहेलियों से पूछा तो मालूम हुआ कि यह मुंशी उन्हें भी मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। करीब एक घंटे के भीतर घटना की जानकारी पुलिस लाइन के अधिकारियों को पता चल गई। इसी बीच जानकारी मिली कि महिला सिपाही गोलबंद होकर मुंशी को पीटने की फिराक में हैं। इसके बाद एक अधिकारी ने मध्यस्थता की। इसके बाद काफी मिन्नत पर महिला सिपाहियों ने मुंशी को बख्श दिया। इसके बाद महिला सिपाही भी शांत हो गई। घटना के बाद आलाअधिकारियों ने मामले में चुप्पी साध ली है। कोई कुछ नहीं कहना चाहता है।