झोले में पत्थर लेकर पहुंचे हड़ताली सफाई कर्मियों ने अपर नगर आयुक्त को खदेड़ा, भागकर बचाई जान
सफाई कार्य शुरू कराने नूतन राजधानी अंचल पहुंचीं अपर नगर आयुक्त और कार्यपालक पदाधिकारी को हड़ताली सफाई कर्मियों ने खदेड़ लिया। किसी तरह उन्होंने भागकर जान बचाई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में सफाई कर्मियों ने हड़ताल के दौरान हद ही कर दी। डीएम कुमार रवि के निर्देश पर पुलिस बल के साथ सफाई कार्य शुरू कराने नूतन राजधानी अंचल पहुंचीं अपर नगर आयुक्त (सफाई) शीला ईरानी और कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार को हड़ताली सफाई कर्मियों ने खदेड़ लिया।
सैफ के जवान भी भागे
सैफ के जवान भी भाग खड़े हुए। कुछ ही देर में सचिवालय, गर्दनीबाग, हवाईअड्डा थानों की पुलिस आठ जिप्सी पर मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर सचिवालय डीएसपी भी पहुंच गए। यारपुर में रहने वाले सफाई मजदूर झोले में रेलवे लाइन के पत्थर लेकर पहुंच गए थे। इस कारण पुलिस जवाबी कार्रवाई से बचती रही। कई गाड़ियों की हवा निकाल दी गई।
विरोध में प्रभावित हुआ सफाई कार्य
शहर में जगह-जगह हड़ताली कर्मियों ने विरोध कर सफाई कार्य को प्रभावित कर दिया। इससे पूर्व डीएम के आदेश के अनुसार बांकीपुर से सफाई के लिए कर्मी निकले। हड़ताली कर्मियों ने गाड़ी के चक्के में कील ठोककर पंचर कर दिया। चालक के साथ मारपीट करके भगा दिया। पाटलिपुत्र अंचल में चालक की जमकर पिटाई कर दी गई। इससे सफाई कार्य ठप हो गया। पाटलिपुत्र अंचल में हड़ताली सफाई कर्मियों ने सफाई इंस्पेक्टर को बंधक बना लिया।
शहर नहीं रहने देंगे गंदा
पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने कहा कि नगर निगम को निर्देश दिया गया है कि सफाई कर्मियों की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था कराई जाए। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराकर सफाई कराई जाएगी। शहर को गंदा नहीं रहने दिया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। हड़ताली कर्मी कानून हाथ में न लें। इसके पहले बुधवार को भी हड़ताली कर्मचारियों ने अपना विरोध दर्ज कराया था। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर कूड़ा लाकर फेंक दिया था। जिसके कारण पटनावासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। हर ओर गंदगी का अंबार लग गया था।