विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां और दो बेटों को सांप ने डसा, तीनों की मौत; पटना में एक ही रात उजड़ गया परिवार

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Sat, 26 Sep 2026 06:54 PM (IST)

पटना के फुलवारी शरीफ में बारिश के बीच सोताचक मुसहरी में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां जहरीले सांप के डसने ...और पढ़ें

12 साल की बच्ची के सिर से उठा मां-भाइयों का साया

12 साल की बच्ची के सिर से उठा मां-भाइयों का साया

HighLights

  1. फुलवारी शरीफ में सांप के डसने से दो बेटों की मौत।

  2. मां शकुंतला देवी की हालत गंभीर, वेंटिलेटर पर भर्ती।

  3. बारिश और जलजमाव से जहरीले जीवों का खतरा बढ़ा।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। लगातार बारिश के बीच सकरैचा पंचायत के सोताचक मुसहरी में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रही मां और उसके दो बेटों को जहरीले सांप ने डस लिया। आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों बेटों की जान नहीं बच सकी। मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर है।

सुबह करीब पांच बजे घर में घुसा सांप

बताया जाता है कि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले बबलू मांझी का परिवार शुक्रवार रात बारिश के बीच घर में सो रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर में सांप निकल आया। उस समय 35 वर्षीय शकुंतला देवी अपने दोनों बेटों मोहित कुमार और वेधु राज के साथ सो रही थीं।

सांप ने पहले दोनों बेटों को डसा। इसी दौरान शकुंतला देवी भी उसकी चपेट में आ गईं। बच्चों और मां की कराहने की आवाज सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग तत्काल तीनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

इलाज के दौरान दोनों बेटों ने तोड़ा दम

परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद मोहित कुमार और वेधु राज की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं शकुंतला देवी की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स लाया गया, जहां वह वेंटिलेटर पर हैं।

एक ही परिवार में दो बेटों की मौत और मां की गंभीर हालत के बाद सोताचक मुसहरी में मातम पसरा हुआ है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

12 साल की बच्ची के सिर से उठा मां-भाइयों का साया

इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की 12 साल की बच्ची को भी बेसहारा कर दिया है। मां और दोनों भाइयों को खोने के बाद बच्ची सदमे में है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक परिवार के सदस्य साथ सो रहे थे, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा है।

परिजन और ग्रामीण बच्ची को संभालने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बच्ची की सुरक्षा और देखभाल की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

बारिश और जलजमाव से बढ़ा जहरीले जीवों का खतरा

ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण सोताचक मुसहरी और आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। नहर और पुनपुन नदी के आसपास बसे इलाकों में बारिश के दौरान सांप और अन्य जहरीले जीवों के घरों में घुसने का खतरा बढ़ जाता है।

घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बस्ती में जलजमाव की समस्या दूर करने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

परिजनों को तत्काल सहायता राशि दी गई

पंचायत के मंटू यादव ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि के लिए प्रशासन को लिखा जाएगा। ग्रामीणों ने बच्ची की देखभाल और परिवार को अतिरिक्त राहत देने की भी मांग की है।