Move to Jagran APP

बिहार: 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक हत्‍या, घटनाएं ऐसी-ऐसी कि देह सिहर जाए

बिहार में क्राइम ग्राफ में कमी नहीं आ रही है। पिछले 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक लोगों की हत्‍याएं हो गई हैं। हत्‍याएं भी ऐसी-ऐसी कि सुनकर देह सिहर जाए।

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Sat, 25 May 2019 06:28 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2019 10:32 PM (IST)
बिहार: 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक हत्‍या, घटनाएं ऐसी-ऐसी कि देह सिहर जाए
बिहार: 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक हत्‍या, घटनाएं ऐसी-ऐसी कि देह सिहर जाए

पटना, जेएनएन। बिहार में क्राइम ग्राफ में कमी नहीं आ रही है। पिछले 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक लोगों की हत्‍याएं हो गई हैं। हत्‍याएं भी ऐसी-ऐसी कि सुनकर देह सिहर जाए। समस्‍तीपुर में हथौड़े से सिर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया गया तो छपरा में युवक के सीने में पेचकस घुसेड़ कर जान ले ली। इतना ही नहीं, पूर्वी चंपारण में युवक को पीट-पीट कर मार डाला तो पश्चिमी चंपारण के नरकटिया में फरसा से होमगार्ड जवान को काट डाला। दो महिलाओं की भी हत्‍या होने की बात सामने आई है। 

loksabha election banner

 

अरवल में पत्‍नी ने करा दी पति की हत्‍या

बिहार के अरवल जिले में शनिवार को पत्‍नी ने ही पति की हत्‍या करवा दी। प्रेम में पागल औरत ने अपने प्रेमी के सहयोग से घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि अरवल जिले के नगर थाना क्षेत्र के वासिलपुर की यह घटना है। वहां एक महिला ने अपने प्रेमी के सहयोग से अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्‍नी से पूछताछ की जा रही है। जल्‍द ही प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार करने की बात कही है।  

समस्‍तीपुर में डबल मर्डर

समस्तीपुर में डबल मर्डर की घटना हुई है। जिले में एक दुकानदार सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई है। दोनों घटना अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई। एक घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र की है। शनिवार की सुबह सिंघियाघाट बाजार निवासी दुकानदार की हत्या सुप्तावस्था में अज्ञात अपराधी ने हथौड़े से हमला कर की। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामचंद्र सिंह के रूप में की गई। पुलिस का कहना है कि संभवत: हत्यारा मानसिक रूप से बीमार हो। वहीं, दूसरी घटना ताजपुर बख्तियारपुर प्लांट की है। वहां मोहनपुर ओपी के ताजपुर बख्तियारपुर फोरलेन प्लांट में मजदूर का शव पानी के हौज में मिला है। मजदूर की पहचान मोतिहारी निवासी 30 वर्षीय ब्रजकिशोर के रूप में की गई है। 

नरकटियागंज में होमगार्ड जवान को फरसा से काट डाला

पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज प्रखंड क्षेत्र के पुरुषोतीपुर गांव में एक होमगार्ड जवान की हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह मनियारी गांव निवासी जवान विनोद राय अपने बेटे के साथ पुरुषोतीपुर गांव में दूध लाने गया था। तभी पुरानी अदावत में प्रहार कर उसे फरसा से काट डाला गया। वहां से भागकर जवान के बेटे ने किसी प्रकार अपनी जान बचाई। बताया जाता है कि होमगार्ड जवान विनोद राय का पुरुषोतीपुर गांव निवासी सोनू साह, मंजित साह के परिवार से किसी मुद्दे को लेकर पहले से अदावत रही। इस बीच, सुबह बाइक से जवान और उसका बेटा दूध लेने पुरुषोतीपुर गांव पहुंचे। तभी 10-12 लोगों ने हमला बोल दिया और फरसा से उसकी गर्दन काट डाली। मृत होमगार्ड जवान पटना में कार्यरत था। चुनाव के बाद घर आया हुआ था। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पूर्वी चंपारण में पीट-पीट कर युवक की हत्या

पूर्वी चंपारण के पीपरा थानाक्षेत्र के बेदीबन मधुबन गांव में एक युवक की हत्या पीट-पीटकर कर दी गई। हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गांव के पुलिया के नीचे फेंक दिया। युवक के शरीर के कई हिस्सों पर राॅड से प्रहार किए जाने का जख्म पाया गया है। युवक की पहचान पीपरा के बेदीबन मधुबन बाही टोला निवासी राम अयोध्या साह के 35 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। वह रसोइया का काम करता था। परिजनों ने बताया कि पड़ोस गांव चकनिया का एक युवक विकास को घर से बुलाकर शुक्रवार की शाम ले गया था। रात में वह घर नहीं लौटा। इस बीच शनिवार की सुबह उसका शव मिला। 

छपरा में युवक के सीने में घोंप दिया पेचकस

छपरा के गडख़ा थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में एक युवक की सीने में पेचकस घोंपकर  हत्या कर दी गई। वारदात शनिवार की सुबह 10 बजे की है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस की दबिश की सूचना पर फरार आरोपित ने थाने में सरेंडर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पतनपुर गांव के सुरेंद्र सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अमरेश सिंह हसनपुर गांव में बिजली का कनेक्शन जोड़ने के लिए गया था। वहां पहले से मोटर में बिजली का कनेक्शन जोड़कर हरेंद्र राय का पुत्र अभिषेक कुमार पानी भर रहा था। एेसे में अभिषेक ने अमरेश कनेक्शन जोडऩे से रोक दिया। अमरेश के परिजनों के अनुसार, अमरेश ने कहा कि मैं कनेक्शन जोड़ देता हूं, इसके बाद तुम पानी चला चला लेना। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। तब अमरेश के सीने में अभिषेक ने पेचकस घोंप दिया।

अवैध संबंध में दिल दहला देनेवाली घटना

छपरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध का विरोध करने पर प्रेमी के साथ मिलकर पुत्रवधू ने सास की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात शुक्रवार देर रात हुई, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी शनिवार सुबह हुई। मामले में मृतका की बहू व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने हत्या की बात स्वीकार ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका रसूलपुर बाजार निवासी राम विनोद गिरी की पत्नी धर्मावती देवी (62 वर्ष) थी। राम विनोद गिरी की बहू प्रियंका देवी का अवैध संबंध सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के पगड़ा कोठी गांव निवासी वकील गिरि के पुत्र पिन्टू गिरि के साथ था। पिंटू आए दिन प्रियंका से मिलने घर आता था। इसकी जानकारी सास धर्मावती देवी को हुई तो उसने अवैध संबंधों का विरोध करना शुरू कर दिया। सास का मुंह बंद कराने की नीयत से प्रियंका और पिंटू गिरि ने धर्मावती की हत्या की साजिश रची। इसके बाद घटना काे अंजाम दिया गया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.