पटना में एक दर्जन से अधिक फ्लाइट लेट, यात्रियों ने किया हंगामा- बोले, नहीं दी जाती हमें जानकारी Patna News
राजधानी में ठंड बढ़ने के साथ फ्लाइट देर से आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसको लेकर आए दिन एयरपोर्ट पर हंगामा किया जा रहा है।
पटना, जेएनएन। ठंड बढ़ने के साथ विमान लेट आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। दो दिन पहले पटना से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट के लेट होने से हंगामें बाद पटना एयरपोर्ट पर गुरुवार को विमानों के देर से आने पर यात्रियों ने फिर बवाल किया। करीब एक दर्जन फ्लाइट देर से पहुंची। इंडियन एयरलाइंस का विमान चार-चार घंटे देर से पहुंचा। इसके अलावा करीब एक दर्जन विमान भी आधा घंटे से लेकर दो घंटे देर से पहुंचे। यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइंस उन्हें सही जानकारी नहीं देता।
चार घंटे तक लेट रहे विमान
एयरलाइंस की बेंगलुरु की फ्लाइट चार घंटे देर से पहुंची। गो एयर की कोलकाता से आने वाली फ्लाइट जी8-361 अपराह्न 2:45 की जगह शाम 6:31 बजे लैंड की। इंडियन एयरलांइस की कोलकाता से आने वाली एक और फ्लाइट जी8-362 सवा तीन बजे की बजाय सात बजे पहुंची। इसी तरह एआई 673- एक घंटा, एआई 415- एक घंटा 7 मिनट, 6ई 7718- दो घंटे 20 मिनट, एआई 725- 55 मिनट, 6 ई 485- 30 मिनट, एसजी 324- 50 मिनट, यूके 3618- 40 मिनट, जी8-516- 26 मिनट, एसजी 955- 24 मिनट सहित दो अन्य विमान भी कुछ मिनट देर से पहुंचे।
यात्रियों ने कहा, पहले दी जाए जानकारी
एेसे में कुछ यात्रियों ने हंगामा भी किया। आरोप था कि जब मौसम ठीक नहीं है तो पहले ही क्यों नहीं इसकी सूचना दी जाती है। पहले सूचना दी जाती तो इस ठंड में परिवार के संग मुसीबत तो नहीं उठानी पड़ती। यात्रियों ने कहा पहले जानकारी मिलने पर हम अपनी दूसरी व्यवस्था कर लें, इस तरह तो एक फ्लाइट की वजह से पूरा समय खराब हो जाता है।